हरियाणा में 5 दिन बाद 20 सितंबर को मानसून की विदाई हो जाएगी। इससे पहले कल 16 से 19 सितंबर तक प्रदेश में बारिश होगी। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने आज (15 सितंबर) भी 3 जिलों पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में 22-23 जून को मानसून की एंट्री हुई थी। उसके बाद से अब तक सामान्य से 41% ज्यादा बारिश हो चुकी है। कल, 14 सितंबर तक प्रदेश में 401.1 एमएम बारिश होनी चाहिए थी लेकिन 564.8 एमएम बरसात हो चुकी है।
वहीं बारिश न होने से दिन के समय फिर से गर्मी और उमस बढ़ने लगी है। दिन का तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने लगा है। अब दिन का तापमान बढ़ रहा है और रात का तापमान गिरने लगा है।
वहीं बारिश से फसलों के नुकसान के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल पर आवेदन करने का आज अंतिम दिन है। कल से इसको लेकर स्पेशल गिरदावरी शुरू की जाएगी।
मानसून की विदाई नजदीक आते ही बढ़ना लगा तापमान
हरियाणा में मानसून की समाप्ति नजदीक आने के साथ ही तापमान पर असर दिखने लगा है। रविवार को दिन के अधिकतम तापमान में औसतन 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़त देखी गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री नूंह में दर्ज किया गया। जींद में सबसे ज्यादा 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी दिन के तापमान में हुई है।
अब बात रात के तापमान की करें तो प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 0.4 डिग्री गिरावट हुई है। गुरुग्राम में रात का सबसे कम तापमान 23.9 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट 4:5 डिग्री तक सिरसा में दर्ज की गई। यहां रात का तापमान ओटू सेंटर पर 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। रात का सबसे अधिक तापमान 28.1 डिग्री मेवात में दर्ज किया गया। इससे रातें ठंडी होनी शुरू हो जाएंगी।
क्षतिपूर्ति पोर्टल का आज अंतिम दिन
मानसून में बारिश और जलभराव से फसलों के नुकसान का मुआवजा लेने के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल पर आवेदन करने का आज, 15 सितंबर को अंतिम दिन है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 14 सितंबर तक 4 लाख 85 हजार 90 किसान क्षतिपूर्ति के लिए आवेदन कर चुके हैं। उनका कहना है कि उनकी 28 लाख 46 हजार 98 एकड़ फसल का नुकसान हो चुका है। करीब 6,292 गांवों में यह नुकसान दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा नुकसान भिवानी, जींद, हिसार, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में होने का अनुमान है।
हिसार में 2 हफ्ते बाद खुले स्कूल, ट्रैक्टर पर पहुंचे बच्चे
हिसार के बरवाला में जलभराव की वजह से स्कूल 2 हफ्ते बाद खुले। यहां के सुलखनी गांव में सड़कों पर जलभराव की वजह से बच्चे ट्रैक्टर पर बैठकर स्कूल पहुंचे। सुलखनी गांव के रमेश, संदीप, जगदीप ने बताया कि भारी बारिश के कारण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय प्राथमिक विद्यालय दोनों के मैदान और कक्षाओं में पानी भर गया था, जिसके चलते शिक्षा विभाग को स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी थी।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम
- 16 सितंबर : पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल में अधिकतर एरिया में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में कुछ एरिया में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में मौसम साफ रहेगा।
- 17 सितंबर : 17 सितंबर को हरियाणा में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल जिले के अधिकतर इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। कैथल, जींद, पानीपत और सोनीपत में कुछ एरिया में बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा।
- 18 सितंबर : पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल जिले के अधिकतर इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। कैथल, जींद, पानीपत और सोनीपत में कुछ एरिया में बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा।