हरियाणा के फरीदाबाद में भाजपा के 2 मंत्रियों की गुटबाजी एक बार फिर खुलकर दिखाई दी। सेक्टर-12 के टाउन पार्क में बनी लाइब्रेरी का एक ही दिन में 2 मंत्रियों ने उद्घाटन कर दिया।
पहले राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर के साथ मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर ने उद्घाटन का रिबन काटा। उसके 2 घंटे बाद अपने गुट के साथ पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दोबारा से लाइब्रेरी का रिबन काट दिया।
वहीं आयोजकों का कहना है कि कृष्णपाल गुर्जर को प्रोग्राम का चीफ गेस्ट बनाया गया था, लेकिन उससे पहले ही विपुल गोयल गुट ने रिबन काट दिया। उन्होंने लाइब्रेरी के अंदर अपना बैनर भी लगवा दिया।
- मन की बात कार्यक्रम सुनने पहुंचे थे: भाजपा के राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर आज फरीदाबाद पहुंचे थे। उन्होंने सेक्टर 16 में मंत्री विपुल गोयल के ऑफिस पर उनके साथ पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम का आखिरी एपिसोड सुना। इस दौरान उनके साथ मंत्री राजेश नागर भी मौजूद रहे। इसके बाद बाद करीब साढ़े 12 बजे सांसद के साथ दोनों मंत्री सेक्टर 12 के टाउन पार्क में लाइब्रेरी का उद्घाटन करने पहुंच गए।
- अटल बिहारी की स्मृति में कराया लाइब्रेरी का निर्माण: टाउन पार्क में HSIIDC (हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड) ने अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में लाइब्रेरी का निर्माण कराया है। करीब 12 बजे सांसद सुरेन्द्र नागर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और मंत्री राजेश नागर ने रिबन काटकर इसका उद्घाटन कर दिया।
- ढाई घंटे बाद पहुंचे कृष्णपाल गुर्जर: पहले लाइब्रेरी का उद्घाटन होने के करीब ढाई घंटे बाद केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, बडखल विधायक धनेश अद्लखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, होडल विधायक सतीश फागना, मेयर प्रवीण बत्रा, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल के साथ पहुंचे। यहां कृष्णपाल गुर्जर के पहुंचने से पहले दोबारा से रिबन लगा दिया गया। इसके बाद उन्होंने भी दोबारा से रिबन काटकर इसका उद्घाटन कर दिया।
- बोर्ड पर ऊपर कृष्णपाल गुर्जर का नाम: मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बोर्ड के सामने अपने गुट के नेताओं के साथ फोटो सेशन भी कराया। वहीं, बोर्ड पर ऊर की साइड में केपी गुर्जर का नाम लिखा है। इसके नीचे की साइड में विपुल गोयल और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर का नाम भी लिखा गया है।
विपुल ने गुर्जर के उद्घाटन बोर्ड से कपड़ा हटाया
लाइब्रेरी के उद्घाटन के लिए जो बोर्ड लगाया गया था उसमें मुख्य अतिथि केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को बनाया गया था। मंत्री विपुल ने राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर के साथ बोर्ड पर लगा कपड़ा हटाया और उसके सामने खड़े होकर फोटो खिंचवाए। जिसके बाद तीनों ने मिलकर रिबन भी काटा।
- खट्टर सरकार के समय से विवाद: फरीदाबाद में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर गुट और मंत्री विपुल गोयल के बीच विवाद उस समय हुआ था, जब प्रदेश में मनोहर लाल खट्टर की सरकार थी। 20 अक्तूबर 2018 को एनआईटी मैदान में दशहरा उत्सव के दौरान केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और मंत्री विपुल गोयल के बीच सार्वजनिक तौर पर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ती चली गईं। साल 2019 में विपुल गोयल का टिकट कट गया। तब दोनों के बीच दूरियां और भी ज्यादा बढ़ गईं।
- नागर-गुर्जर में तिंगाव सीट को लेकर खींचतान: केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर तिंगाव सीट से अपने बेटे देवेंद्र को चुनाव लड़ाना चाहते थे, लेकिन राजेश नागर के चलते साल 2014 , 2019, 2024 में ऐसा नहीं हो पाया। पार्टी ने हर बार राजेश नागर को टिकट देकर मैदन में उतार दिया। साल 2024 में चुनाव जीतने के बाद राजेश नागर कृष्णपाल गुर्जर से मिलने तक नहीं पहुंचे थे। राजेश नागर विपुल गोयल को एक ही गुट का समझा जाता है।