कैथल के युवक की अमेरिका में हार्टअटैक से मौत:तीन साल पहले डंकी रूट से गया था, जमीन पर पड़ा मिला शव

कैथल जिले के गांव करोड़ा के युवक की अमेरिका में हार्टअटैक आने से मौत हो गई। 27 वर्षीय सुनील करीब तीन साल पहले डंकी रूट से अमेरिका गया। युवक रात को अपनी मां से बातचीत करते हुए सो गया था, जो अन्य युवक उसके साथ रह रहे थे, वे किसी काम से बाहर गए हुए थे। जैसे ही वे अपने रूम पर पहुंचे, तो सुनील बेड से नीचे पड़ा हुआ मिला।

वे तुरंत उसे अस्पताल में लेकर गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। परिजनों ने सुनील के शव को भारत वापस लाने की सरकार से गुहार लगाई है।

तीन साल पहले अमेरिका गया

रिश्ते में सुनील के चाचा लगने वाले विजेंद्र ने बताया कि सुनील 3 साल पहले मई 2023 में अमेरिका गया था और वह कैलिफोर्निया में रह रहा था। वहां पर वह गाड़ी चलाता था। परिवार ने करीब 40 लाख रुपए लगाकर इस उम्मीद से उसे अमेरिका भेजा था कि वहां पर कमाई कर परिवार के हालात को सुधरेगा, लेकिन वहां पर उसकी मौत से परिवार की उम्मीदें टूट गई।

परिवार में बड़ा भाई और मां

उन्होंने बताया कि सुनील की अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार में उसका बड़ा भाई और मां है। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अंतिम बार उसकी अपनी मां से बातचीत हुई थी, जिसमें उसने परिवार के बारे में पूछने के बाद कहा था कि रात ज्यादा हो गई अब वह सो रहा है, उसके बाद उसने कॉल काट दी थी।

जानकारों से कर्ज लेकर भेजा था विदेश

युवक की मौत की सूचना पर गांव में गमगीन माहौल है। परिजनों ने बताया कि उन्होंने सुनील को विदेश भेजने के लिए कुछ रुपए अपनी ओर से लगाए, तो कुछ जानकारों से कर्ज लिए थे। अब परिवार ने सरकार से सहायता की गुहार लगाई है, ताकि सुनील का यहां लाकर अंतिम संस्कार किया जा सके।

E-Paper 2026