LIVE News -UP जिला पंचायत चुनाव परिणाम 2021: जिलों की सरकार के मुखिया चुनने के लिए मतदान शुरू, शाम को आएगा परिणाम

उत्तर प्रदेश में गांव की सरकारों के मुखिया चुने जाने के बाद अब जिलों का नम्बर है। प्रदेश में आज जिलों की सरकार के मुखिया यानी जिला पंचायत अध्यक्षों का चुनाव होगा। इसके लिए 53 जिलों में जिला पंचायत सदस्य मतदान के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं। सभी जिलों में त्रिस्तीय सुरक्षा के बीच सभी सदस्यों को रखा गया है। मतदान केंद्र पर भी सुरक्षा बल तैनात हैं।

प्रदेश के 75 जिलों में से 22 में निर्विरोध चुनाव होने के बाद अब बचे 53 जिलों में दिन में 11 बजे से जिला पंचायत सदस्य अपने जिले का अध्यक्ष चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। राजधानी लखनऊ सहित सभी 53 जिलों में कलेक्ट्रेट में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। तीन बजे तक मतदान के बाद पांच बजे तक परिणाम घोषित होंगे। प्रदेश में जिन 22 जिलों में निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं, उनमें 21 भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। इटावा में समाजवादी पार्टी ने अपना गढ़ बचाने में सफलता प्राप्त की है। प्रदेश में आज भी जिन 53 जिलों में अध्यक्ष चुनने के लिए मतदान होना है, उनमें भी अधिकांश में भारतीय जनता पार्टी की समाजवादी पार्टी से सीधी टक्कर है। इन सभी 53 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आज तक लगातार जिला पंचायत सदस्यों के सम्पर्क में हैं। अधिकांश तो सुबह से ही पूजा-पाठ कर मतदान के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारी पुलिस बल के साथ ही पुलिस-प्रशासन के बड़े अफसर मौजूद रहेंगे। मतदान की निष्पक्षता पर नजर रखने के लिए प्रेक्षक भी पहुंच गए हैं। पूरी मतदान प्रक्रिया वीडियो कैमरों की निगरानी में होगी।

उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव हैं, ऐसे में जिला पंचायत के चुनाव परिणामों को प्रदेश की सत्ता के सेमीफाइनल की तरह लिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में भाजपा व समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है। जिला पंचायत अध्यक्ष की 53 जिलों में कुल 116 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 46 जिलों में दो-दो उम्मीदवार होने के कारण इनके बीच सीधा मुकाबला होगा। इनमें भी अधिकांश में भाजपा व समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। चार सीटों पर त्रिकोणीय चुनाव होगा जबकि तीन सीटें ऐसी हैं जिनमें चार-चार उम्मीदवार चुनाव मैदान डटे हैं। चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के बीच चल रही रस्साकशी अपने चरम पर पहुंच चुकी है।

इन जिलों में होगा चुनाव : मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, हापुड़, बिजनौर, रामपुर, संभल, बरेली, बदायूं, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, मथुरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर नगर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, महोबा, हमीरपुर, फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, अमेठी, बाराबंकी, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, भदोही, मीरजापुर व सोनभद्र।

22 जिलों के अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

सूबे के 75 जिलों में से 22 के जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। 29 जून को नाम वापसी की अवधि गुजरते ही सभी के चुने जाने की घोषणा कर दी गई। निर्विरोध चुने गए अध्यक्षों में जहां 21 भाजपा के हैं वहीं एक मात्र इटावा के जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी ही सपा के हाथ लगी है। शेष 53 जिलों के अध्यक्ष पद के लिए तीन जुलाई को मतदान होगा। तीन बजे तक मतदान के ठीक बाद मतों की गणना शुरू कर उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

18 जिलों में पहले ही एक-एक नामांकन

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि पीलीभीत, शाहजहांपुर, सहारनपुर व बहराइच के एक-एक प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेने से इन जिलों में एक- एक प्रत्याशी हैं। इन चारों जिलों के अध्यक्ष निर्विरोध चुन लिए गए हैं। 18 जिलों में पहले ही एक-एक नामांकन हुआ था। ऐसे में नाम वापसी की समय सीमा बीतने के बाद सभी संबंधित जिलों के अध्यक्ष भी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। इनमें मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अमरोहा, मुरादाबाद, आगरा, इटावा, ललितपुर, झांसी, बांदा, चित्रकूट, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, गोरखपुर, मऊ व वाराणसी जिले शामिल हैं।

इन जिलों में मतदान

1.- चंदौली: चंदौली में भारतीय जनता पार्टी दीनानाथ शर्मा और समाजवादी पार्टी के तेज नारायण यादव के बीच मुकाबला है। यहां पर समाजवादी पार्टी के 14, भाजपा के आठ, बसपा के चार तथा नौ निर्दलीय सदस्य हैं। जिसके पाले में 18 वोट जाएंगे वह विजेता होगा।

2- हापुड़: हापुड़ में भारतीय जनता पार्टी की रेखा नागर और समाजवादी पार्टी के रुचि यादव के बीच टक्कर है।

3- सुल्तानपुर: सुल्तानपुर में भाजपा की उषा सिंह और समाजवादी पार्टी के केशा यादव के बीच भिड़ंत है।

4- मिर्जापुर: मिर्जापुर में भारतीय जनता पार्टी की राजू कन्नौजिया और समाजवादी पार्टी की आशा देवी मैदान में हैं।

5- रायबरेली: कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में भारतीय जनता पार्टी की रंजना चौधरी और कांग्रेस की आरती सिंह आमने-सामने हैं।

6- मथुरा: भगवान कृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में भारतीय जनता पार्टी की किशन चौधरी के सामने राष्ट्रीय लोक दल के राजेंद्र सिंह सिकरवार मैदान में डटे हैं। इनका दावा है कि पूरा विपक्ष इनके साथ है।

7- फिरोजाबाद: सुहागनगरी फिरोजाबाद में समाजवादी पार्टी की रुचि यादव को उनके गढ़ में भाजपा की हॢषता सिंह टक्कर दे रही हैं।

8- बिजनौर: बिजनौर में समाजवादी पार्टी की ओर से विपक्ष की संयुक्त उम्मीदवार चरणजीत कौर और भारतीय जनता पार्टी के साकेन्द्र प्रताप चौधरी मैदान में हैं

9- हमीरपुर: यमुना बेल्ट हमीरपुर में भारतीय जनता पार्टी जयंती राजपूत और निषाद पार्टी से दुष्यंत सिंह मैदान में हैं.

10- मुजफ्फरनगर: मुजफ्फनगर में भारतीय किसान यूनियन और संयुक्त गठबंधन प्रत्यशी सतेंद्र बालियान और भारतीय जनता पार्टी के वीरपाल निर्वाल हैं.

11- सोनभद्र: अपना दल (एस) व भाजपा की संयुक्त प्रत्याशी राधिका पटेल के सामने समाजवादी पार्टी के जय प्रकाश पांडेय उर्फ चेखुर पांडेय ने ताल ठोंकी है।

12- बलिया : बागी धरती मानी जाने वाले बलिया में नाटकीय क्रम में सपा के प्रत्याशी बने आनंद चौधरी के सामना भारतीय जनता पार्टी की सुप्रिया चौधरी हैं।

13- गाजीपुर: गंगा तथा गोमती नदी का संगम कराने वाले गाजीपुर में भाजपा की सपना सिंह को समाजवादी पार्टी की कुसुमलता यादव चुनौती पेश कर रही हैं।

14- उन्नाव: उन्नाव में भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी शकुन सिंह की भारतीय जनता पार्टी के बागी प्रत्याशी अरुण सिंह से टक्कर है। यहां सपा ने अपने प्रत्यशी को बाहर कर लिया है।

15- हरदोई: हरदोई में कद्दावर नेता नरेश अग्रवाल की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। भाजपा ने उनको प्रेमावती को जिताने का काम सौंपा है। प्रेमावती के सामने समाजवादी पार्टी की मुन्नी देवी गौतम मैदान में हैं। यहां पर 72 जिला पंचायत सदस्य मतदान करेंगे। भाजपा नेता नरेश अग्रवाल को यहां पर प्रेमावती कों जिताने की जिम्मेदारी दी गई है। सपा के भी बड़े नेता यहां डटे हैं।

16- कुशीनगर: भाजपा की सावित्री जायसवाल तथा समाजवादी पार्टी की रीता यादव के बीच में कुशीनगर में जोरदार सीधी भिड़ंत हैं।

17- मैनपुरी : समाजवादी पार्टी के बड़े गढ़ माने जाने वाले मैनपुरी में भाजपा की अर्चना भदौरिया की भिड़ंत समाजवादी पार्टी के मनोज यादव से है।

18- प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश की राजनीति का कई मोड़ देने वाले जिले में त्रिकोणीय संघर्ष है। यहां पर भाजपा की क्षमा सिंह, समाजवादी पार्टी से अमरावती पटेल और निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की जनसत्ता दल से माधुरी पटेल के बीच मुकाबला है। कांग्रेस ने भी यहां पर जनसत्ता दल को समर्थन दिया है। प्रतापगढ़ में 57 जिला पंचायत सदस्य मतदान करेंगे।

19- कन्नौज: इत्रनगरी कन्नौज को भी समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। यहां पर समाजवादी पार्टी के श्याम सिंह यादव के सामने भाजपा की प्रिया शाक्य हैं। कन्नौज में 28 जिला पंचायत सदस्य मतदान करेंगे। जीत के लिए अध्यक्ष को 15 वोट की जरूरत है।

20- जालौन: उरई के बाद जिला बने जालौन में भाजपा के खिलाफ पूरा विपक्ष एक है। यहां पर भाजपा से घनश्याम अनुरागी और संयुक्त गठबंधन से उॢमला अनुरागी प्रत्याशी हैं।

21- महाराजगंज: सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रभाव क्षेत्र वाले इस जिले में समाजवादी पार्टी से दुर्गा यादव और भारतीय जनता पार्टी के रविकांत पटेल मैदान में हैं।

22- संतकबीर नगर: गोरखपुर तथा बस्ती के बीच में बसे संतकबीर नगर में भाजपा के कृष्णा चौरसिया तथा समाजवादी पार्टी से बलराम यादव के बीच सीधी टक्कर है।

23- लखीमपुर: उत्तर प्रदेश की तराई बेल्ट लखमीपुर में भाजपा से ओमप्रकाश भार्गव और समाजवादी पार्टी से अंजली भार्गव चुनाव लड़ रहे हैं।

24- बदायूं : समाजवादी पार्टी के गढ़ रहे बदायं में पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां पर भारतीय जनता पार्टी की वर्षा यादव के सामने समाजवादी पार्टी ने सुनीता शाक्य को मैदान में उतारा है।

25- प्रयागराज : उत्तर प्रदेश की राजनीति की धुरी माने जाने वाले जिले प्रयागराज में भाजपा ने डॉक्टर वीके सिंह को मैदान में उतारा है। हंडिया निवासी वीके सिंह के पिता डॉ. देवराज सिंह ने विधानसभा तथा लोकसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन असफल रहे। अब उन्होंने बेटे को मैदान में उतारा है। यहां पर उनको समाजवादी पार्टी की मालती यादव से टक्कर मिल रही है। प्रयागराज में 84 जिला पंचायत सदस्य मतदान करेंगे। यहां पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बेहद सक्रिय हैं।

26- अमेठी: राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में कांग्रेस के वाकओवर देने के बाद मसाला व्यवसायी तथा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के करीबी राजेश अग्रहरि उर्फ राजेश मसाला के सामने समाजवादी पार्टी से शीलम सिंह प्रत्याशी हैं।

27- भदोही: कारपेट नगरी भदोही में भिड़ंत निर्दलीयों के बीच में है। इनको पार्टियां पीछे से समर्थन दे रही हैं। यहां मुख्य मुकाबले में अमित सिंह और अनुरूद्ध त्रिपाठी मैदान में हैं।

28- बाराबंकी: राजधानी लखनऊ से सटे जिले में भाजपा की राजरानी रावत के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। यहां नेहा आनंद समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी हैं।

29- फर्रुखाबाद: भाजपा विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने फर्रुखाबाद जिले में भाजपा को मुकाबले में खड़ा कर दिया है। यहां भाजपा से मोनिका यादव के सामने समाजवादी पार्टी से सुबोध यादव हैं।

30- सम्भल: समाजवादी पार्टी के सदन में उप नेता विधायक महबूब अली ने यहां से भाजपा के प्रत्याशी को शिकस्त दिलाने को कमर कसी है। यहां पर भारतीय जनता पार्टी से अनामिका और समाजवादी पार्टी से प्रिया यादव किस्मत आजमा रही हैं।

31- बस्ती: निर्विरोध निर्वाचन के तमाम कयासों के बीच में भी बस्ती में मतदान होगा। यहां पर भाजपा से संजय चौधरी और समाजवादी पार्टी से वीरेन्द्र कुमार चौधरी मैदान में हैं।

32- फतेहपुर: पूर्व पीएम स्वर्गीय वीपी सिंह के संसदीय क्षेत्र फतेहपुर से भारतीय जनता पार्टी ने अभय प्रताप उर्फ पप्पू सिंह और समाजवादी पार्टी ने संगीता राज पासवान को प्रत्याशी बनाया है। इनके बीच सीधा मुकाबला है।

33- शामली: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल के बड़े गढ़ माने जाने वाले शामली में भाजपा की मधु गुज्जर के खिलाफ समाजवादी पार्टी-आरएलडी गठबंधन से अंजलि देवी हैं।

34- अलीगढ़: ताला नगरी अलीगढ़ में समाजवादी पार्टी की अर्चना यादव ने भाजपा की विजय सिंह को सीधी चुनौती दी है।

35- जौनपुर: सोनभद्र के साथ ही भाजपा ने जौनपुर में अपना दल (एस) को समर्थन दिया है। यहां अपना दल (एस) से रीता पटेल, भाजपा की बागी नीलम सिंह, दबंग पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी निर्दलीय श्रीकला सिंह और समाजवादी पार्टी से निशी यादव मैदान में हैं।

36- कासगंज: कासगंज में भी भारतीय जनता पार्टी के रत्नेश कश्यप व समाजवादी पार्टी के समर्थ यादव में सीधी भिड़ंत है।

37- आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में उनकी पार्टी के विजय यादव के मुकाबले में भाजपा ने संजय निषाद को मैदान में उतारा है।

38- सिद्धार्थनगर: भारतीय जनता पार्टी ने यहां पर जोरदार तैयारी की है। उनके सामने समाजवादी पार्टी से पूजा यादव हैं।

39- एटा: समाजवादी पार्टी के प्रभाव वाले क्षेत्र एटा में भाजपा ने भी जोरदार तैयारी की है। यहां भाजपा प्रत्याशी विनीता यादव और समाजवादी पार्टी प्रत्याशी रेखा यादव के बीच टक्कर है।

40-अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में पूर्व कैबिनेट मंत्री आनंद सेन की पत्नी इंदु सेन को समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। उनके सामने भाजपा की रोली सिंह मैदान में उतरी हैं।

41- रामपुर: तमाम घोटालों के आरोप में जेल में बंद सांसद आजम खां के गढ़ रामपुर में भाजपा ने भी जोरदार ढंग से ताल ठोंकी है। यहां पर समाजवादी पार्टी की नसरीन जहां के सामने भाजपा से ख्याली राम लोधी मैदान में हैं।

42- सीतापुर: सीतापुर में भी संघर्ष काफी कड़ा है। 29 जून को नाम वापसी के दिन भी किसी ने नामांकन रद नहीं तो चार प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां भाजपा से श्रद्धा सागर, समाजवादी पार्टी से अनिता राजवंशी, निर्दलीय चंद्रप्रभा और निर्दलीय प्रीती रावत के बीच भिड़ंत है।

43- औरैया: औरैया में भी भाजपा तथा सपा में सीधी टक्कर है। यहां पर भाजपा से कमल दोहरे और समाजवादी पार्टी से रवि त्यागी मैदान में हैं।

44. महोबा: खनन की भूमि महोबा में भाजपा को सपा से कड़ी चुनौती मिल रही है। यहां भाजपा से जयप्रकाश अनुरागी और समाजवादी पार्टी से मृत्युंजय प्रताप सिंह मैदान में हैं।

45- कानपुर: योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रही कमला रानी वरुण की बेटी स्वप्निल वरुण को भाजपा ने यहां समाजवादी पार्टी के राजू दिवाकर से मुकाबला करने उतारा है।

46- कानपुर देहात: भाजपा का लक्ष्य कानपुर शहर के साथ कानपुर देहात सीट भी जीतने का है। यहां से भाजपा ने नीरज रानी सिंह को समाजवादी पार्टी के रामसिंह यादव के खिलाफ चुनावी रण में मौका दिया है।

47- अम्बेडकर नगर: बहुजन समाज पार्टी के गढ़ माने जाने वाले अम्बेडकरनगर में समाजवादी पार्टी लालजी वर्मा व रामअचल राजभर के कद का लाभ लेने के प्रयास में है। यहां समाजवादी पार्टी के समाजवादी पार्टी अजीत यादव की टक्कर भाजपा के भाजपा से श्याम सुंदर से है।

48- बरेली: नाम वापसी के तमाम कयास के बीच में झुमका नगरी बरेली में भाजपा की रश्मि पटेल के मुकाबले में समाजवादी ने विनीता गंगवार को उतारा है।

49- कौशाम्बी: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के गृह जनपद कौशाम्बी में भाजपा से कल्पना सोनकर और समाजवादी पार्टी से विजमा दिवाकर मैदान में हैं। यहां पर 27 जिला पंचायत सदस्य मतदान में शामिल होंगे।

50- हाथरस: कद्दावर नेता रामवीर उपाध्याय भी पूर्व सांसद पत्नी सीमा उपाध्याय को भाजपा ने हाथरस से प्रत्याशी बनाया है। सीमा उपाध्याय ने भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी अपनी देवरानी रेनू उपाध्याय को सदस्य के पद पर शिकस्त दी थी। सीमा उपाध्याय के खिलाफ रालोद/समाजवादी पार्टी से शशि चौधरी मैदान में हैं।

51- देवरिया: सांसद रमापति राम त्रिपाठी पुत्र शोक के बाद भी देवरिया से भाजपा के प्रत्याशी गिरीश चंद तिवारी को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी शैलजा यादव के खिलाफ जीत दिलाने में डटे हैं।

52- लखनऊ: प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी ने आरती रावत को मैदान में उतारा है। उनके मुकाबले में मोहनलाल गंज से समाजवादी पार्टी से विधायक अम्बरीश सिंह पुष्कर की पत्नी विजयलक्ष्मी हैं।

53- बागपत: जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर रालोद की ममता और भाजपा की बबली देवी के बीच सीधा और रोमांचक मुकाबला होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में बागपत में सबसे बड़ा नाटक हुआ। यहां पर समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाली प्रत्याशी के खिलाफ राष्ट्रीय लोकदल ने ममता किशोर को खड़ा किया है। यहां पर ममता किशोर का नामांकन पत्र लेकर जाने वाली कुछ महिलाओं पर शिकंजा कसा जा रहा है।