शाह बोले- असम में UCC लाएंगे, इससे आदिवासी बाहर रहेंगे:ममता ने कहा- वोटर लिस्ट में घुसपैठिए तो मोदी कैसे जीते, पहले वे इस्तीफा दें

गृह मंत्री अमित शाह ने असम के गोलपाड़ा में चुनावी सभा में कहा कि राज्य में UCC लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद कोई चार शादी नहीं कर सकेगा। UCC में कांग्रेस आदिवासियों को डराती है कि आप पर भी UCC लगेगी लेकिन आदिवासियों को इससे बाहर रखा जाएगा।

वहीं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि अगर वोटर लिस्ट में घुसपैठियों के नाम थे, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले भी उनके वोट से जीत चुके हैं। ऐसे में पहले उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।

ममता ने दक्षिण दिनाजपुर में चुनावी रैली के दौरान कहा कि बंगाल में अधिकारियों के तबादले इस तरह किए गए, जिससे बाहरी लोगों का राज्य में आना आसान हो सके।

मालदा में दो दिन पहले न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने की घटना पर ममता बनर्जी ने AIMIM और ISF को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर उकसाने का आरोप लगाया।

चुनाव से जुड़े अपडेट्स

  • तमिलनाडु में भाजपा और कांग्रेस ने अपने 27-27 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को अविनाशी (SC) सीट से टिकट दिया है। हालांकि इस लिस्ट में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई का नाम नहीं है।
  • जेपी नड्डा केरलम के दौरे पर हैं। यहां वे पद्मनाभस्वामी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद एक रोड शो में शामिल होंगे।
  • पश्चिम बंगाल में मतगणना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 कंपनियां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनात रहेंगी।
  • DMK नेता कनिमोझी ने कहा कि AIADMK और भाजपा में AIADMK चीफ एडप्पडी के पलानीस्वामी का हाल नीतीश कुमार जैसा हो सकता है। लोकतंत्र के लिए AIADMK राज्य में विपक्ष में तो रहे।