लखीमपुर में ब्लाक प्रमुख चुनाव में अभद्रता का शिकार हुईं रितु सिंह तथा अनीता यादव से मिलीं प्रियंका वाड्रा

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा उत्तर प्रदेश के चार दिन के दौरे के दूसरे दिन शनिवार को लखनऊ से लखीमपुर खीरी पहुंची। यहां पर उन्होंने ब्लाक प्रमुख के चुनाव के नामांकन के दौरान हिंसा तथा अभद्रता की शिकार महिलाओं से भेंट की। ब्लाक प्रमुख के चुनाव में इनको दबंगों ने नामांकन करने से रोक दिया था। इनकी ही नहीं इनके साथ छीना-झपटी तथा अभद्रता भी की गई थी।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने लखीमपुर खीरी पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हिंसा तथा उत्पीडऩ का शिकार हुई ब्लाक प्रमुख उम्मीदवार रीतू सिंह और उनकी प्रस्तावक अनीता यादव से मुलाकात कर उनका दर्द जाना। इस महिला की साड़ी तक खींची गई थी। इसके साथ ही उन्होंने लखीमपुर खीरी में पंचायत चुनावों में भाजपा के कार्यकर्ताओं की हिंसा से पीडि़त अन्य कई महिलाओं से भी आज मुलाकात की। इस दौरान प्रियंका गांधी ने सभी को न्याय दिलाने के साथ ही उनके हक में आवाज उठाने का आश्वासन दिया।

इससे पहले लखनऊ से लखीमपुर खीरी जाने के लिए निकलीं प्रियंका का सीतापुर में जोरदार स्वागत किया गया।उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस को मुख्यधारा में लाने के प्रयास में लगीं प्रियंका गांधी वाड्रा लखमीपुर खीरी में शनिवार को पीड़ित महिला से भेंट करने के साथ ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने वाले जितिन प्रसाद को भी उनके ही गढ़ में ललकारेंगी। प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस विधानंमडल दल की नेता अराधना मिश्रा मोना भी हैं।

पसगांवा में ब्लाक प्रमुख के चुनाव के दौरान नामांकन में महिलाओं से बदसलूकी हुई थी। प्रियंका गांधी वाड्रा के आगमन पर यहां के मैगलगंज बॉर्डर पर अपर पुलिस अधीक्षक भी फोर्स के साथ मुस्तैद हैं। जिससे कि उनके आगमन के दौरान किसी भी प्रकार की को अप्रिय घटना न हो।

सीतापुर से गुजरा प्रियंका का काफिला

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा का सीतापुर में स्वागत करने के लिए कांग्रेस के नेता सीतापुर बाईपास पर वैदेही वाटिका के पास जुटे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने प्रियंका को बुके भी दिए। प्रियंका वाड्रा की सुरक्षा को लेकर लोग दूर से ही उनसे बात कर पाए। वहां वह दो मिनट के लिए ही रुकीं।

इससे पहले शुक्रवार को लखीमपुर खीरी से सांसद रहे कांग्रस के वरिष्ठ जफर अली नकवी के साथ लखीमपुर खीरी के जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा का लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे जफर अली नकवी ने इस दौरान लखीमपुर जिले में 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा को सभी प्रकार वस्तुस्थित से तो अवगत कराया ही साथ हाल ही में हुए प्रमुखी चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के साथ पलिया ब्लाक में हुई दबंगई की पूरी दास्तान भी बताई। नकवी ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव को सत्ताधारी दल भाजपा की दबंगई की पूरी कहानी मय वायरल वीडियो की दिखाई गई। पूर्व सांसद ने बताया कि संगठन का इस वक्त सारा जोर पार्टी की नीतियों को नए सिरे से जनता के बीच ले जाना और प्रदेश व केंद्र सरकार की नाकामियों को उजगार करना ही है। जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने जिले की पूरी रिपोर्ट राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखी और अगली रणनीति बनाने पर जोर दिया।