बिहार की राजनीति में अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले तेजप्रताप यादव ने चिराग पासवान को लेकर बड़ा बयान दिया है। इस बार तेजप्रताप के निशाने पर चिराग का कोई नीतिगत मुद्दा नहीं, बल्कि केंद्रीय मंत्री की निजी जिंदगी है।
हाल ही में एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में तेजप्रताप ने बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत के साथ उनकी कथित नजदीकियों का जिक्र किया है। उन्हें कहा कि चिराग पासवान एक्ट्रेस के चक्कर में पड़े हैं।
वहीं कंगना रनौत कह चुकी हैं कि दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। अगर चिराग से रोमांस होता तो दोनों के बच्चे हो चुके रहते।
किसी ‘हिरोइन के चक्कर’ में हैं चिराग- तेज प्रताप
JJD नेता तेज प्रताप यादव ने चिराग पासवान पर तंज कसते हुए कहा, ‘चिराग पासवान इन दिनों किसी ‘हिरोइन के चक्कर’ में हैं। शुरुआत में उन्होंने नाम लेने से परहेज किया, लेकिन जब उनसे स्पष्ट तौर पर पूछा गया कि वह किस अभिनेत्री की बात कर रहे हैं तो उन्होंने बंगाल चुनाव प्रचार का हवाला देते हुए सीधा कंगना रनौत का नाम लिया।
तेज प्रताप ने अपने बयान को पुख्ता करने की कोशिश करते हुए कहा, ‘चिराग और कंगना अक्सर साथ देखे जा रहे हैं। चाहे सदन हो या सड़क, चिराग पासवान अक्सर उन्हीं के साथ नजर आते हैं।’
उनका इशारा हाल के दिनों में संसद भवन परिसर से वायरल हुई उन तस्वीरों और वीडियो की ओर था, जिनमें दोनों नेता गर्मजोशी से मिलते हुए दिखाई दिए थे।
कंगना बोलीं- चिराग मेरे अच्छे दोस्त हैं
एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनोट ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ अपने रिश्तों को पर खुल कर बात की है। उन्होंने साफ किया है कि उनके और चिराग के बीच कोई रोमांटिक एंगल नहीं है।
ANI को दिए इंटरव्यू में कंगना से चिराग पासवान के साथ उनके कथित अफेयर को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर मुस्कुराते हुए कंगना ने कहा, नहीं, चिराग सिर्फ मेरे एक बहुत अच्छे दोस्त हैं। जब भी मैं उनके बारे में सोचती हूं, मुझे उनमें सिर्फ एक दोस्त ही नजर आता है।
कहा- रोमांस होता तो बच्चे हो गए होते
बातचीत के दौरान कंगना ने बेहद बेबाक और मजाकिया अंदाज अपनाया। उन्होंने कहा, हमने करीब 10 साल पहले एक फिल्म साथ में की थी। अगर हमारे बीच वाकई कुछ होना होता, तो अब तक हमारे बच्चे हो चुके होते। कंगना ने आगे कहा कि अगर रोमांस होना होता, तो अब तक हो चुका होता।
फिल्म ‘मिले ना मिले हम’ से शुरू हुई दोस्ती
कंगना और चिराग पासवान के बीच की बॉन्डिंग काफी पुरानी है। साल 2011 में आई फिल्म ‘मिले ना मिले हम’ से चिराग पासवान ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में कंगना रनौत उनकी लीड एक्ट्रेस थीं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तो खास कमाल नहीं कर पाई, लेकिन यहीं से दोनों की दोस्ती की शुरुआत हुई।
आज दोनों राजनीति के मैदान में सक्रिय हैं और अक्सर संसद में एक-दूसरे के साथ हंसते-मुस्कुराते नजर आते हैं।
‘इमरजेंसी’ के बाद ‘क्वीन 2’ की तैयारी
कंगना की हालिया रिलीज फिल्म ‘इमरजेंसी’ थी, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया था। इस फिल्म का निर्देशन भी उन्होंने खुद ही किया था। आने वाले समय में कंगना अपनी फ्रेंचाइजी की अगली कड़ियों ‘क्वीन 2’ और ‘तनु वेड्स मनु 3’ में नजर आएंगी। वहीं, चिराग पासवान अब फिल्म इंडस्ट्री छोड़कर पूरी तरह से राजनीति और अपने मंत्रालय की जिम्मेदारियों में व्यस्त हैं।