BJP उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से मिले SBSP के ओमप्रकाश राजभर, बोले-राजनीति में कुछ भी संभव

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दल कितनी करवटें बदलेंगे इस पर तो कोई भी कयास नहीं लगाया जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी को जमकर कोसने वाले योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे ओम प्रकाश राजभर ने लखनऊ में मंगलवार को भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के आवास पर जाकर भेंट की। करीब एक घंटे की इनकी मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में खलबली मच गई है। कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी ने ओम प्रकाश राजभर पर हमला बोला है।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार को सुबह भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से उनके आवास पर जाकर भेंट की। भाजपा नेता दयाशंकर सिंह भी उनके साथ थे। उत्तर प्रदेश में ओवैसी की पार्टी के साथ भागीदारी मोर्चा बनाने वाले राजभर भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के आवास पर करीब एक घंटा तक रहे। भागीदारी मोर्चा के संयोजक ओमप्रकाश राजभर की स्वतंत्रदेव सिंह ने इतनी लम्बी भेंट के बाद लखनऊ में खलबली मच गई। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक दोनों नेताओं से चर्चा के बाद राजभर ने मीडिया से कहा कि राजनीति में कुछ भी संभवहो सकता है। राजभर के इस बयान के बाद से राजनीतिक पंडि़तों कयास लगाने में जुट गए हैं।

राजभर ने कहा कि वैसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात तो शिष्टाचार मुलाकात थी, लेकिन राजनीति में कौन-कौन क्या कर रहा है, इसकी थाह समय-समय पर लेते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि दो बड़े नेता व्यक्तिगत मुलाकात भी कर सकते हैं। जब ममता बनर्जी और सोनिया गांधी मिल सकती हैं, जब मायावती और अखिलेश मिल सकते हैं तो राजनीति में कुछ भी संभव है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख से लगभग मिल चुके हैं।