योगी बोले- सपा ने शामली की डेमोग्राफी बदली:ये लोग जिन्ना के उपासक, राम का नाम लेने पर लाठी मारते थे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शामली पहुंचे। उन्होंने कहा- सपा-बसपा के लोग जिन्ना के उपासक हैं। 2017 से पहले सपा ने शामली की डेमोग्राफी बदलने का काम किया। इसलिए कांधला-कैराना से पलायन हो रहा था। इनको जब मौका मिलेगा, तो ये लोग बांटने का काम करेंगे। पहले लोग शामली का नाम लेने से डरते थे। पूछते थे कि ये जिला कहां है। लेकिन आज शामली गन्ने के मिठास के तौर पर जाना जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा-पहले राम का नाम लेने पर लाठी मारी जाती थी। आज वो लोग आस्था की बात कर रहे हैं, जिन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलाने का काम किया। अयोध्या का महौल खराब करने का काम किया। आज कोई कांवड़ यात्रा में हुड़दंग नहीं मचा सकता

योगी ने कैराना के विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में जनसभा को संबोधित किया। इसके साथ ही कैराना, शामली और थाना भवन विधानसभाओं के लिए ₹581 करोड़ से अधिक लागत की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जनसभा के बाद योगी बिजनौर के लिए रवाना हो गए।

अब योगी के भाषण की बड़ी बातें पढ़िए

योगी ने कहा- शामली गन्ने की मिठास के लिए जाना जाता है। 10 साल पहले यह कौतूहल का विषय था। शामली जिले को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते थे। लोग पूछते थे कि यह जिला कहां है। कांधला-कैराना से पलायन हुआ। यहां की डेमोग्राफी बदल दी गई।

बहन-बेटियां घर से बाहर निकलने से डरती थीं। उद्योग-धंधे चौपट हो गए थे। बिजली नहीं आती थी। आज शामली को देखकर खुशी होती है। जैसे प्रयागराज अपनी त्रिवेणी के लिए जाना जाता है, वैसे ही शामली एक्सप्रेसवे की त्रिवेणी बन गया है।

पहले शामली बिजली के लिए तरसता था

योगी ने कहा- याद करिए, आज से 10 साल पहले आप बिजली के लिए तरसते थे। आज शामली 420 केवीए के ट्रांसफॉर्मर से बिजली पा रहा है। मेडिकल सुविधाएं नदारद थीं। 2017 से 2020 के बीच शामली ने बड़ी तरक्की की। कोरोना काल में लोग शामली आकर इलाज कराने आते थे। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में चल रही उत्तर प्रदेश सरकार हो या केंद्र की एनडीए सरकार, दोनों शामली के लिए बहुत काम कर रही हैं।