सिर पर पट्‌टी, टूटा हाथ लेकर संसद पहुंचे पप्पू यादव:हाथ में थी लाठी, बोले- बच्चों पर AK-47 चल रही, राहुल-प्रियंका को पीट रही पुलिस

NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मंगलवार को अलग ही अंदाज में संसद पहुंचे। उनके सिर पर पट्‌टी बंधी थी। हाथ टूटा था। हाथ में लाठी थी।

इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ये विरोध है पुलिसिया कार्रवाई का। आज पुलिस हमारे साथ यही सब तो कर रही है।

बिहार में पुलिस छात्रों पर AK-47 चला रही है। भ्रष्टाचारी धर्मेंद्र प्रधान को मिथिला का पाग पहनाया जा रहा है। बिहार में जुल्म की इंतहा हो गई है। राजस्थान में कल भी पेपर चोरी हुई है।

बेटियों को लाठी से मार रहे हैं। राहुल गांधी जी को पीटा, प्रियंका जी को पीटा, अखिलेश जी को पीटा। कल इन लोगों ने चोर का सम्मान किया। मिथिला के सम्मान को ठाकुर ने गिराया है।

तेजस्वी बोले- AK-47 से फायरिंग की जांच हो

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग मामले में जांच की मांग की है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि निर्दोष छात्रों पर गोली चलाई गई और दोषी अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पहली बार किसी आंदोलन में AK-47 से गोली चलाई गई। गोली हवा में नहीं चलाई गई, बल्कि निर्दोष युवाओं की छाती को छलनी किया गया। सरकार ने रिहाई का आदेश तो दे दिया, लेकिन यह नहीं बताया कि गोली चलाने के लिए जिम्मेदार अधिकारी पर क्या कार्रवाई हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर AK-47 से फायरिंग की गई।

किसी सिपाही की इतनी हैसियत नहीं होती कि वह अपने स्तर पर AK-47 से गोली चला दे, इसलिए उसे बलि का बकरा नहीं बनाया जाना चाहिए।

सम्राट सरकार के 100 दिन पर निशाना

सम्राट चौधरी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार बताए कि उसने इन 100 दिनों में क्या काम किया। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी बिना किसी प्रोटोकॉल के निरीक्षण कर रही हैं। इतना बड़ा काफिला तो किसी राज्य की मुख्यमंत्री का भी नहीं होता, जितना सम्राट चौधरी की पत्नी के साथ देखा गया।

सरकार बिहार को पुलिसिया गुंडाराज बनाना चाहती

तेजस्वी यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार बिहार को पुलिसिया गुंडाराज बनाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि समझौता हो जाने के बाद भी बिहार में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि एडमिट कार्ड लेकर परीक्षा देने जा रहे छात्रों तक को गिरफ्तार किया गया और उन पर संगीन धाराएं लगाई गईं।

अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि छात्रों को गोली और मुकदमे मिल रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि अगर मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो हमारी पार्टी आंदोलन करेगी।

तेजस्वी ने कहा कि जब बीजेपी किसानों को ठग सकती है तो छात्रों और महिलाओं को भी ठग सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं से एक लाख रुपए देने का वादा किया गया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया।

भीड़ की ओर सीधी डायरेक्शन में AK-47 से फायरिंग

छात्र संगठनों के बिहार बंद और विरोध-प्रदर्शन के दौरान सीवान में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। प्रदर्शन के बीच SP पूरन झा के बॉडीगार्ड ने भीड़ की दिशा में AK-47 से फायरिंग की, जिसका वीडियो भी सामने आया।

वीडियो सामने आते ही पुलिस की कार्रवाई और बल प्रयोग पर सवाल उठने लगे। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की।

प्रारंभिक जांच में वीडियो की पुष्टि होने के बाद संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

2 घंटे पथराव-लाठीचार्ज चलता रहा

25 जुलाई को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर पथराव और लाठीचार्ज हुआ। आरोप है कि कुछ ‎प्रदर्शनकारी गांधी मैदान में बने मंच पर चढ़‎ गए। वहां से पुलिस पर पथराव शुरू कर‎ दिया। इसके बाद पुलिस ने पहले आंसू गैस‎ के गोले छोड़े। फिर लाठीचार्ज कर ‎प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा।

पुलिस कार्रवाई के‎ बाद प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से निकलकर ‎शहर के विभिन्न इलाकों में फैल गए।‎ पथराव में SP पूरन झा के हाथ में चोट आई।

तीन छात्रों को लगी गोली

सीवान में हुई फायरिंग में 3 छात्र घायल हुए। जिनमें 2 के गर्दन से गोली छूकर निकल गई, वहीं एक छात्र के जांघ में गोली फंसी है।

गर्दन में गोली लगने से एक छात्र की हालत गंभीर थी, जिसे शनिवार को ही पटना रेफर किया गया था। बाद में बाकी दोनों छात्रों को भी पटना में भर्ती कराया गया है।

राहुल गांधी ने पूछा- मोदी जी, कहां गया आपका वादा

पूरे मामले पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाए हैं। X पर लिखा- ‘छात्रों के ख़िलाफ़ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा है। खबर आ रही है कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ़्तार करके उनपर FIR की जा रही है।

मोदी जी, कहां गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा उनपर घातक हमले और बर्बरता की जा रही है। दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन चली और बिहार में AK-47। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार हो या दिल्ली -हर जगह पैटर्न एक ही है।

पहले भी कहा है, ये सरकार झूठी है। सुधार इनके बस का नहीं है। अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरकीब से छात्रों की आवाज़ दबाएगी। मोदी जी, देश के छात्रों से माफ़ी मांगिए। और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है उनपर कार्रवाई कीजिए, छात्रों पर नहीं।’

बीजेपी ने राहुल गांधी के आरोपों को अफवाह और भ्रामक बताया है। कांग्रेस नेता पर विरोध प्रदर्शन को भड़काने और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए माफी मांगने को कहा है।