असंगठित क्षेत्र के 1.71 करोड़ से अधिक श्रमिकों ने 26 अगस्त, 2021 को लॉन्च होने के बाद से पिछले एक महीने में, ई-श्रम पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराया है।
श्रम मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि, “असंगठित क्षेत्र और असंगठित रोजगार में 1.71 करोड़ से अधिक श्रमिकों के पंजीकरण के साथ ई-श्रम पोर्टल के शुभारंभ का एक महीना पूरा हो गया है।”
बयान में कहा गया है कि, “25 सितंबर तक 1,71,59,743 श्रमिकों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है।” ई-श्रम पोर्टल का उद्घाटन 26 अगस्त, 2021 को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया था। पोर्टल प्रवासी श्रमिकों, निर्माण श्रमिकों और प्लेटफॉर्म श्रमिकों सहित असंगठित श्रमिकों को समर्पित पहला राष्ट्रीय डेटाबेस है। यह असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सुविधा प्रदान करता है।
आंकड़ों के मुताबिक इसके शुरू होने के पहले सप्ताह में 13.55 लाख अनौपचारिक कर्मियों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया था। दूसरे सप्ताह की तुलना में 19.52 लाख से अधिक पंजीकरण के साथ, तीसरे और चौथे सप्ताह में नामांकन में तेजी से वृद्धि हुई थी। चौथे सप्ताह में, 69.53 लाख से अधिक श्रमिकों ने ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराया था, जबकि तीसरे सप्ताह में यह आंकड़ा 68.97 लाख था।
दिलचस्प बात यह है कि अब तक पंजीकृत श्रमिकों में लगभग 50 फीसद महिलाएं हैं। बयान में कहा गया है कि, “ई-श्रम पोर्टल पर खुद को पंजीकृत करने वाली महिला कर्मचारियों की तादाद में सप्ताह-दर-सप्ताह सुधार हुआ है। महिला श्रमिकों की हिस्सेदारी पहले सप्ताह में लगभग 37 फीसद से बढ़कर चौथे सप्ताह में लगभग 50 फीसद तक हो गई है। पिछले सप्ताह के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि घरेलू काम में लगी महिला कामगारों का एक बड़ा हिस्सा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा रहा है।”
ई-श्रम पोर्टल को आधार के साथ जोड़ा गया है और इसमें पंजीकृत श्रमिकों के नाम, व्यवसाय, पता, शैक्षिक योग्यता, कौशल प्रकार और परिवार के विवरण आदि का विवरण शामिल होगा।