देश के गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को बेगूसराय आएंगे। बेगूसराय में दो अलग-अलग जगह पर उनका कार्यक्रम है। जिसको लेकर प्रशासनिक तैयारी तेजी से चल रही है। भाजपा भी काफी तेजी से तैयारी में जुटी है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
अमित शाह एफसीआई मैदान में सत्संग व प्रवचन कार्यक्रम में शामिल होंगे, तो रिफाइन टाउनशिप स्टेडियम में भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का टिप्स देंगे। अभी अमित शाह का कोई ऑफिशियल शेड्यूल नहीं आया है। लेकिन दोनों जगह पर तैयारी चल रही है। सत्संग के आयोजक और भाजपा में उत्साह है।
व्यापक पैमाने पर तैयारी जारी
गुरुवार को हर्ल खाद कारखाना टाउनशिप मैदान में निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि का सत्संग व प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 11 से 2:30 बजे तक सत्संग व प्रवचन कार्यक्रम होना है। जिसमें अमित शाह सहित देश के विभिन्न हिस्सों से 500 वीआईपी लोग शामिल होंगे।
इसको लेकर व्यापक पैमाने पर तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही अमित शाह टाउनशिप स्टेडियम में 10 जिलों के भाजपा कोर कमेटी के मेंबर को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का टिप्स देंगे। यहां बेगूसराय, पटना, खगड़िया, नवगछिया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, नालंदा और बाढ़ संगठन जिले के कोर कमेटी को बुलाया गया है।
2500 प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे
जिसमें करीब 2500 प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। 2 घंटे तक अमित शाह उनके साथ विधानसभा चुनाव और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। 2014 में गृह मंत्री बनने के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है जब किसी चुनाव से पहले अमित शाह यहां आ रहे हैं। उनके इस कार्यक्रम से भाजपा और एक्शन मोड में आ जाएगी।
कयास लगाया जा रहा है कि भाजपा विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी सबसे आगे चल रही है। उसी कड़ी में अमित शाह आ रहे हैं और कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। इस कार्यक्रम पंडाल में कोर कमेटी और चयनित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अलावा किसी को भी जाने नहीं दिया जाएगा।