मध्य प्रदेश में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। यहां खंडवा-बैतूल हाइवे पर गांव मेहलू के पास ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में सात लोगों के मरने की जानकारी मिली है। इस दुर्घटना में 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। इनमें से छह लोगों की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली में बाराती सवार थे। घायलों को हरसूद और खालवा के अस्पताल में पहुंचाया गया है। इस हादसे में दूल्हे की भी मौत हो गई है। हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह घटनास्थल पहुंचे हैं।
जानकारी के मुताबिक, वाहन में 70 से ज्यादा लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या और घायलों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। कुछ लोगों के मुताबिक, मौत का आंंकड़ा आठ और घायलों की संख्या 30 से अधिक बता रहे हैं। घायलों को लाने के लिए पांच एंबुलेंस भेजी गई हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, जैसे ही ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी वैसे ही उसमें सवार लोग नीचे जा गिरे। इसके बाद उन पर ट्रैक्टर ट्रॉली जा गिरी। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल हो गया है। खंडवा कलेक्टर के भी दुर्घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना मिली है। अब जख्मी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।