विदेश में नौकरी करने की चाह रखने वाले कौशलयुक्त युवाओं के लिए जापान में कहीं बेहतर संभावनाएं हैं। भारत-जापान के मैत्रीपूर्ण संबंधों से इसे बढ़ावा भी मिल रहा है। जापानी भाषा जानने वालों को जापान अपने यहां स्वास्थ्य, निर्माण, एविएशन, फूड सर्विसेज और कृषि समेत 14 से अधिक क्षेत्रों में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के जाब उपलब्ध करा रहा है। ऐसे में अगर आप भी जापानी भाषा सीखकर जापान में आकर्षक वेतन वाली नौकरी चाहते हैं, तो अच्छा मौका है। आइए जानते हैं कैसे आप जापान में अपने मनमुताबिक करियर को आगे बढ़ा सकते हैं…
स्किल डेवलपमेंट जैसे कई महत्वाकांक्षी अभियान भी जापान के सहयोग से चल रहे हैं। यही वजह है कि बड़ी संख्या में भारतीय आइटी प्रोफेशनल्स और इंजीनियर्स भारतीय और जापानी फर्म्स में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा, तमाम प्रोफेशनल्स मैनेजमेंट, फाइनेंस, एजुकेशन तथा रिसर्च जैसे क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विदेश मंत्रालय के एक आंकड़े के अनुसार, अभी करीब 38 हजार भारतीय जापान में रह रहे हैं।
तीन स्किल सीखने पर जोर: फिलहाल जो युवा जापान में जाकर अपना करियर बनाना चाहते हैं, उन्हें अपनी तीन स्किल लेकर वहां जाना चाहिए। एक तो आपको अपने क्षेत्र में कौशलयुक्त होना चाहिए। उदाहरण के लिए अगर आप शेफ हैं, तो आपको स्वादिष्ट खाना बनाने में महारत होनी चाहिए। उसी तरह आप जिस भी फील्ड में हैं, उस फील्ड की स्किल होनी चाहिए। दूसरी और तीसरी बात यह कि आपको जैपनीज और इंग्लिश दोनों भाषाएं आनी चाहिए। अगर जैपनीज और इंग्लिश के अलावा आप हिंदी भी जानते हैं, तो यह आपके लिए प्लस प्वाइंट होगा। इससे आपके लिए और ज्यादा अवसर बढ़ जाएंगे।
ऐसे तलाशें जाब्स: जापान में अगर युवाओं को अपने लिए नौकरी ढूंढ़नी है, तो उन्हें सबसे पहले वहां की लैंग्वेज आनी चाहिए। क्योंकि वहां जो भी वैकेंसीज निकलती हैं, वे जापानी लैंग्वेज में होती हैं। जिस तरह से अपने देश में नौकरीडाटकाम जैसे जाब पोर्टल्स हैं, उसी तरह से जापान में भी बहुत से जाब पोर्टल्स और वेबसाइट हैं, जिन पर जाब ओपनिंग के बारे तमाम जानकारियां उपलब्ध होती हैं, जहां से आप संबंधित कंपनी में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, बहुत सी जाब एजेंसीज भी हैं, जो जापान में आने के लिए वीजा जैसी सुविधाएं भी खुद ही उपलब्ध कराती हैं। इसके अलावा, जिन संस्थान से जैपनीज जैसे लैंग्वेज आप सीखते हैं, वे भी प्लसेमेंट दिलाने में सहयोग करती हैं। चाहें तो गूगल से भी विभिन्न जापानी कंपनियों की वैकेंसी के बारे में पता कर सकते हैं। चीन को छोड़कर सभी देशों में सर्च इंजन गूगल की सेवाएं हैं।
आकर्षक पैकेज, सुख सुविधाएं और जाब सिक्युरिटी: भारत की तुलना में जापान में सैलरी पैकेज और सुख-सुविधाएं कहीं ज्यादा हैं। जैपनीज जानने वालों को वहां अच्छे पैकेज आफर किये जाते हैं, ताकि लोग आकर्षित होकर काम करने के लिए उनके यहां आएं। जापान में आमतौर पर एग्रीमेंट बेसिस पर जाब मिलती हैं। इसलिए बीच में जाब छूटने का डर भी नहीं रहता है। लोग बड़े मजे से आनंद लेते हुए वहां काम करते हैं और अपनी मेहनत व ईमानदारी से तरक्की की सीढ़ियां चढ़ते जाते हैं।
जापानी भाषा के लिए प्रमुख संस्थान-
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली
www.jnu.ac.in
दिल्ली यूनिवर्सिटी, दिल्ली
http://du.ac.in
लैग्मा स्कूल आफ लैंग्वेजेज, नई दिल्ली
https://langmainternational.com
अकल जापानीज एकेडमी, नई दिल्ली
www.japan-academy.in
इन क्षेत्रों में ज्यादा अवसर
जापान में युवाओं के लिए तकनीकी क्षेत्रों के अलावा 14 से अधिक ऐसे सेक्टर्स हैं, जहां गैर-तकनीकी स्किल वाले युवा भी अपने लिए जाब तलाश सकते हैं। इनमें प्रमुख हैं:
- हाउसकीपिंग/ बिल्डिंग क्लीनिंग मैनेजमेंट
- नर्सिंग/नर्सिंग केयर
- इंडस्ट्रियल मशीनरी इंडस्ट्री
- फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री
- इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रानिक इंडस्ट्री
- कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री
- आटोमोबाइल रिपेयर एंड मेंटिनेंस
- एविएशन इंडस्ट्री
- हास्पिटैलिटी सेक्टर
- शिपबिल्डिंग एंड शिप मशीनरी इंडस्ट्री
- फिशरीज एंड एग्रीकल्चर
- फूड एंड बेवरेज और फूड सर्विसेज सेक्टर
- मशीन पार्ट्स एंड टूलिंग इंडस्ट्रीज
अनेक रूपों में अवसर
जैपनीज सीखने वाले युवाओं के लिए इनदिनों अनेक रूपों में करियर उपलब्ध हैं। यह भाषा सीखकर कंपनियों में अपनी सेवाएं देने के अलावा आप विदेशी दूतावास, कारपोरेट कंपनीज तथा सरकारी विभागों में भाषा के जानकार बन सकते हैं। मीडिया इंडस्ट्री के किसी भी बड़े मीडिया हाउस में फारेन लैंग्वेज ट्रांसलेटर्स व फारेन कारेस्पांडेंट के रूप में अपने लिए करियर तलाश सकते हैं या फिर टूरिज्म-हास्पिटैलिटी सेक्टर में गाइड, एंटरप्रेटर के रूप में करियर बना सकते हैं। जैपनीज सिखाने वाले स्कूल-कालेज और इंस्टीट्यूट में लैंग्वेज टीचर बन सकते हैं।