‘बसपन का प्यार’ फेम सहदेव दिर्दो सड़क हादसे में बुरी तरह हुए घायल, बादशाह ने ट्वीट कर कहा ‘दुआ करो’

बॉलीवुड इंडस्ट्री से बड़ी खबर सामने आ रही है। ‘बसपन का प्यार’ गाना गाकर फेमस हुआ छोटा बच्चा सहदेव दिर्दो सड़क दुर्घटना का​ शिकार हो गए हैं। मंगलवार को सहदेव एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं। हादसे में सहदेव को सिर पर गंभीर चोट आई है। चोट लगने के बाद सहदेव को सुकमा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद सहदेव को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और बॉलीवुड के फेमस रैपर बादशाह ने ट्वीट कर उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।

‘बसपन का प्यार’ फेम सहदेव दिर्दो को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर जानकारी दी है। CMO ऑफ‍िस ने ट्वीट में लिखा, ‘मुख्यमंत्री श्री @bhupeshbaghel ने सहदेव दिर्दो की दुर्घटना की खबर पर दुःख जताते हुए कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार @SukmaDist को त्वरित रूप से सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।’

वहीं बॉलीवुड के ​स‍िंगर और रैपर बादशाह ने भी ट्वीट कर सहदेव की तबीयत की जानकारी दी है। बादशाह ने लिखा, ‘सहदेव के पर‍िवार और दोस्तों के साथ संपर्क में हूं. वो अभी बेहोश है, अस्पताल के रास्ते में है। मैं उसके लिए खड़ा हूं। आपकी प्रार्थनाओं की जरूरत है।’

आपको बता दें कि सहदेव का एक्सीडेंट उस वक्त हुआ जब वह अपने पि​ता के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर गांव की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनके पिता ने बाइक पर से अपना बैलैंस खो दिया और इसी वजह से गंभीर दुर्घटना हुई। इस घटना में सहदेव के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। इसके बाद सहदेव को तत्काल वहां आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। फिलहाल सहदेव का इलाज चल रहा है और लोग उनके जल्द ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं।