ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ईरान के सरकारी अखबार को दिए इंटरव्यू कहा कि एनरिच्ड यूरेनियम किसी दूसरे देश को नहीं सौंपेंगे। अमेरिका को भरोसा देना होगा कि शांति समझौते के बाद वह दोबारा हमला नहीं करेगा।
इधर अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि उन्हें ईरान पर हमला करने का कोई पछतावा नहीं है। वे ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे।
इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था। आरोप था कि ईरान का परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम उनकी सुरक्षा के लिए खतरा है। इसके जवाब में ईरान ने भी इजराइल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए थे। ईरान लगातार कहता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण कामों के लिए है।
जंग से निकलने के लिए कोई भी समझौता नहीं करेंगे
अराघची ने इंटरव्यू में कहा कि ईरान सिर्फ मौजूदा जंग से बाहर निकलने के लिए कोई भी समझौता नहीं करेगा। ईरान ऐसा करार चाहता है जो लंबे समय तक चले और जिसके बाद फिर से लड़ाई शुरू न हो।
अराघची के मुताबिक, जून में हुए युद्धविराम समझौते के सिर्फ 15 दिन बाद फिर लड़ाई शुरू हो गई थी। इसलिए इस बार ईरान किसी भी समझौते से पहले अमेरिका की गारंटी चाहता है।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प गुरुवार को फॉक्स न्यूज से कहा था कि 1 जनवरी के बाद देखा जाएगा कि ईरान को लेकर क्या फैसला होगा। ट्रम्प ने यह भी कहा था कि ईरान का रवैया बहुत खराब है।
ट्रम्प साफ करें कि वह समझौता चाहते हैं या नहीं
अराघची ने कहा कि ईरान की पहली मांग है कि ट्रम्प खुद साफ तौर पर बताएं कि क्या वे अमेरिका और ईरान के बीच समझौता करना चाहते हैं। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति के बदलते बयानों पर भी सवाल उठाए।
अराघची के मुताबिक, ट्रम्प एक दिन कुछ कहते हैं और अगले दिन अपना रुख बदल लेते हैं। अराघची ने यह भी कहा है कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए तैयार है लेकिन इसके लिए अमेरिका को अपने वादे पूरे करने होंगे। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इस बात का जिक्र नहीं किया कि अमेरिका ने क्या वादे किए थे।
उन्होंने बताया, ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में एक समझौता ज्ञापन (MoU) तैयार हुआ था, जिस पर दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के हस्ताक्षर भी हुए थे। लेकिन अमेरिका ने इसकी एक अहम शर्त तोड़ दी। इसके बाद यह समझौता अब लागू नहीं माना जा सकता।
कतर के अधिकारियों से मिले ट्रम्प के दूत
दोनों देशों के बीच जंग खत्म करने के लिए कोशिशें जारी हैं। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने गुरुवार को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में कतर के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में जंग खत्म करने के रास्तों पर चर्चा हुई लेकिन कोई बड़ी सफलता नहीं मिली।
इससे पहले इसी हफ्ते ईरान के एक छोटे प्रतिनिधिमंडल ने कतर के अधिकारियों से दोहा में बातचीत की थी। इस तरह जंग के बीच दोनों पक्षों के बीच बातचीत के रास्ते खुले हैं, लेकिन परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों और भविष्य में हमले न होने की गारंटी जैसे मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई है।
28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल ने ईरान पर हमला किया था
28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान में कई ठिकानों पर संयुक्त हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया और रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया।
इस रास्ते से दुनिया के बड़े हिस्से में तेल और गैस की सप्लाई होती है। इसके बंद होने से वैश्विक ऊर्जा बाजार और अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है। ट्रम्प ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना युद्ध शुरू करने का एक बड़ा मकसद बताया था।