अमेठी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी और कभी इंदिरा, राजीव, सोनिया व राहुल-प्रियंका के खासमखास रहे डा. संजय सिंह ने इन्हीं लोगों पर करारा हमला बोला है। डा. संजय सिंह ने गुरुवार को क्षेत्र में एक कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्हें निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अमेठी में अब न कांग्रेस के गढ़ का पता है और न ही गढ़ वाले का। अमेठी की इसी जनता और कार्यकर्ताओं ने 2019 के लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को ऐतिहासिक जीत दिलाई। इस बार भी जनता भाजपा को बड़ी जीत दिलाकर इतिहास रचेगी।
दरअसल पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे डा. संजय सिंह 2019 लोकसभा चुनाव के कुछ माह बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। अब लंबे समय बाद वह फिर से अमेठी से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले वह अमेठी से कई बार कांग्रेस से विधायक व मंत्री रहे। एक बार अमेठी से ही भाजपा के सांसद रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने अमेठी में 100 वर्ष पहले ही स्कूल, कालेज की नींव रखी, जहां आज भी तीस हजार से ज्यादा बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। हम अमेठी को विकास का हब बना देंगे। यहां कभी गुंडागर्दी नहीं होने देंगे। लोगों ने कहा कि आप आए खुशी हुई। हमने कहा कि आपसे ज्यादा खुशी हमें हुई। जब मैं पहली बार अमेठी के धरती पर खड़ा हुआ तो आपने एक लाख से ज्यादा मतों से विजयी बनाया, अब उससे कम नहीं होना चाहिए।
पीएम मोदी और योगी के कार्यों को सराहाः डा. संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के अगुवा केंद्र में नरेंद्र मोदी हैं और प्रदेश में बुलडोजर वाले बाबा योगी आदित्यनाथ हैं। पीएम और सीएम मिलकर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। अब यहां गुंडे, माफिया का राज नहीं चलता। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास अत्यंत गौरवशाली है। चाहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी रहे हों, वीर सावरकर जी हों या अटल जी रहे हों सभी ने पार्टी के लिए त्याग और तपस्या किया है। सबका साथ, सबका विकास , सबका विश्वास बहुत बड़ी चीज है। आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व के ग्लोब में सेंट्रल पॉइंट पर है। भारतीय जनता पार्टी कभी अपने सिद्धांतों को नहीं छोड़ती है। वहीं डां. सिंह की पत्नी व पूर्व मंत्री डॉ0 अमीता सिंह ने कहा कि भाजाप ने तेजी से देश में विकास का कार्य किया है। अमेठी में स्मृति ईरानी जी के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। यह बैठक आरआरपीजी कालेज अमेठी में हुई। जिसमें संगठन के विधानसभा प्रभारी सुरेश मौर्य समेत अन्य मौजूद रहे।