दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास के बाहर तीनों निगम के महापौर का धरना लंबा चलने के बाद तीनों निगमों में हड़ताल हो सकती है। हालांकि कर्मचारी यूनियन इस पर फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रही है। मंगलवार को उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को वेतन न मिलने पर हड़ताल पर जाने की आशंका जताई। साथ ही इसके लिए राज्य सरकार को ही जिम्मेदार बताया है। इस बीच तीनों निगम कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चे की बुधवार को बड़ी बैठक है। सूत्रों के मुताबिक इसमें हड़ताल पर जाने की घोषणा हो सकती है। कन्फेडरेशन आफ एमसीडी एम्पलाइज एसोसिएशन के संयोजक एपी खान ने बताया कि जब राज्य सरकार और निगम पर मामला सुलझ नहीं रहा है तो उपराज्यपाल को इसमें हस्तक्षेप करना चाहिए।
महापौर से मिलने पहुंचे दुष्यंत गौतम
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने पहुंचकर महापौर के धरने को समर्थन दिया। महापौर नौ दिन से लगातार धरना दे रहे हैं और फंड की मांग को लेकर अडिग हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठीं निगम की महिला नेताओं की निजता हनन के मामले में मुख्यमंत्री केजरीवाल को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। दरअसल, प्रदेश भाजपा की महिला मोर्चा अध्यक्ष योगिता सिंह ने राष्ट्रीय महिला आयोग से इस संबंध शिकायत की थी। मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सदस्य ज्योतिका कालरा से भी शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग की कार्रवाई ने आप सरकार की महिला विरोधी मानसिकता पर मुहर लगा दी है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मुख्यमंत्री को दिया नोटिस
तीनों निगम के महापौर के समर्थन को लेकर निगम की उद्यान समिति से जुड़ी एक यूनियन में आपसी विवाद हो गया था। दिल्ली प्रदेश एमसीडी उद्यान समिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राहुल बिरला ने महापौर को समर्थन देने से इन्कार किया है। उनका कहना है कि उनके बिना सहमति के यूनियन के नेताओं ने महापौर के धरने को समर्थन दे दिया, जबकि उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश का कहना है कि उनके पास यूनियन नेताओं के समर्थन पत्र हैं। जिन्होंने समर्थन दिया है वे लोग अब भी समर्थन में हैं।