नो एंट्री बॉलीवुड की चर्चित और हिट फिल्मों में से एक हैं। यह फिल्म साल 2005 में आई था। फिल्म नो एंट्री में सलमान खान, अनिल कपूर और फरदीन खान मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में इन तीनों के अभिनय को दर्शकों का काफी प्यार भी मिला था। वहीं पिछले साल दिसंबर में सलमान खान ने अपने 56वें जन्मदिन पर नो एंट्री के सीक्वल की घोषणा की।
फिल्म के सीक्वल का नाम नो एंट्री में एंट्री है। इस फिल्म का निर्देशन अनीस बज्मी कर रहे हैं। वहीं फिल्म के निर्माता बोनी कपूर हैं। अब बोनी कपूर ने खुलासा किया है कि उन्होंने कौन सी शर्त पर फिल्म नो एंट्री के सीक्वल को बनाने के फैसला किया। बोनी कपूर ने हाल ही में अंग्रेजी वेबसाइट इंडिया टुडे से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने फिल्मी सफर के अलावा फिल्म नो एंट्री में एंट्री को लेकर भी ढेर सारी बातें कीं।
बोनी कपूर ने बताया कि उन्होंने नो एंट्री का सीक्वल बनाने का फैसला सिर्फ इस शर्त पर किया है क्योंकि सलमान खान इसमें काम करने के लिए राजी हुए हैं। बोनी कपूर ने कहा, ‘मेरे पास स्क्रिप्ट है और यह सब सिर्फ सलमान पर निर्भर था कि वह इसके करना चाहते हैं या नहीं। अपने जन्मदिन पर उन्होंने कहा कि वह यह फिल्म करेंगे तो मैंने स्क्रिप्ट तैयार कर ली और मैं तैयार हूं जब वह इसको शुरू करेंगे।
बोनी कपूर ने आगे कहा, ‘अनीस फिल्म के डायरेक्टर हैं और वह स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। फिल्म का आइडिया किसी और का था।’ बोनी कपूर का दावा है कि फिल्म नो एंट्री में एंट्री पहली फिल्म से भी ज्यादा बेहतर रहने वाली है। उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे पास जो नो एंट्री में एंट्री स्क्रिप्ट है, वह नो एंट्री से बेहतर है। यह नो एंट्री से 10 गुना ज्यादा मजेदार है, लेकिन पूरी तरह से बनने वाली फिल्म सलमान पर निर्भर करती है, यह उनके साथ ही बन सकती है।’
गौरतलब है कि बीते दिसंबर को सलमान खान ने अपनी फिल्म बजरंगी भाईजान के सीक्वल फिल्म ‘पवन पुत्र भाईजान’ की घोषणा की थी। इस फिल्म के साथ उन्होंने नो एंट्री के सीक्वल को लेकर भी बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया है कि फिल्म टाइगर 3 की शूटिंग के बाद नो एंट्री के सीक्वल पर काम शुरू किया जाएगा। फिल्म नो एंट्री के सीक्वल में अन्य स्टारकास्ट फाइनल की जा रही है।