पंजाब में ऐतिहासिक जीत पर कुमार विश्वास को लड्डू खिलाने घर पहुंच गए केजरीवाल के विधायक, जानिये- फिर क्या हुआ

दिल्ली के बाद अब पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में भी ऐतिहासिक और धमाकेदार जीत दर्ज करने वाले आम आदमी पार्टी के लिए दोहरी खुशी की बात है। एक ओर वह देश की तीसरी ऐसा राजनीतिक पार्टी बन गई है, जो एक के अलावा दूसरे राज्य में सरकार बनाने जा रही है तो दूसरी ओर आगामी कुछ महीनों में AAP को राष्ट्रीय पार्टी का दर्ज मिल जाएगा। वहीं, पंजाब में 117 में से 92 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी के दिल्ली से विधायक ने बृहस्पतिवार कुछ ऐसा किया कि गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में कवि कुमार विश्वास के घर के सामने यूपी पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।

हुआ यूं कि पंजाब में ऐतिहासिक जीत के बाद आम  आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान देश के जाने माने कवि कुमार विश्वास को मिठाई खिलाने दिल्ली से गाजियाबाद आए। इसके बाद गाजियाबाद में वसुंधरा स्थित घर जाने से पहले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। कार्यकर्ता कुमार विश्वास को पंजाब की जीत पर खुशी में मिठाई खिलाने के लिए जा रहे थे। हालांकि पुलिस के रोकने के बाद कार्यकर्ताओं ने उनके घर के सामने ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।

आम आदमी पार्टी के उत्तम नगर के विधायक नरेश बालियान अन्य कार्यकर्ताओं को लेकर निकले थे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंजाब चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को हराने की कोशिश की गई थी। पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी को समर्थन देकर बता दिया कि उनको केजरीवाल पर कितना विश्वास है। कुमार विश्वास भी आप का विरोध कर रहे थे। ऐसे में जीत होने पर वह कुमार विश्वास को मिठाई खिलाने आए थे। हालांकि अब उनसे बिना मिले ही लौट रहे हैं। दरअसल, पंजाब में मतदान से पहले कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल पर संगीन आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि वह पंजाब के सीएम या खालिस्तान के पहले पीएम बनने का ख्वाब देख रहे हैं। दरअसल, दिल्ली में नई शराब नीति लागू करने को लेकर AAP विधायक नरेश बाल्यान और  कुमार विश्वास के बीच ट्वीटर वार हुआ था।