बड़े फेरबदल की तैयारी में है कांग्रेस, सोनिया गांधी ने यूपी-पंजाब समेत पांच राज्यों के पार्टी अध्यक्षों से मांगा इस्तीफा

हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और मणिपुर के पार्टी प्रमुखों से इस्तीफे देने के लिए कहा है। कांग्रेस अध्यक्ष का यह निर्देश पार्टी कार्यसमिति की रविवार को हुई बैठक के बाद आया है जिसमें पार्टी की हार के कारणों पर विचार किया गया था। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश इकाइयों में पुनर्गठन के उद्देश्य से ये इस्तीफे मांगे गए हैं।

सोनिया गांधी के इस निर्देश के कुछ देर बाद ही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपना त्यागपत्र देने की घोषणा की। मालूम हो कि अजय कुमार लल्लू को अगस्त, 2019 में उत्तर प्रदेश, नवजोत सिंह सिद्धू को जुलाई, 2021 में पंजाब, गोदियाल को जुलाई, 2021 में उत्तराखंड, गिरीश चोडानकर को अप्रैल, 2018 में गोवा और लोकेन सिंह को सितंबर, 2021 में मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

बता दें कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में हार की समीक्षा के लिए रविवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई थी। इसके बाद से लगातार सियासी गतिविधियों का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में अब हार वाले राज्यों की कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों से त्यागपत्र देने को कहा गया है।