देश में 12 से 14 साल के बच्चों के लिए टीकाकरण शुरू हो गया है। 16 मार्च को बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। पहले दिन 12-14 साल के तीन लाख से ज्यादा बच्चों को कोरोना का टीका लगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ये जानकारी दी है। इस एज ग्रुप के बच्चों को अभी कोर्बिवैक्स वैक्सीन लगाई जा रही है। 28 दिन के अंतराल में बच्चों को दूसरी खुराक दी जाएगी। एक मार्च 2021 तक देश में 12 और 13 साल के उम्र के बच्चों की संख्या 4.7 करोड़ थी।
क्या है प्रीकाशन डोज की स्थिति?
देश में 60 साल की उम्र के बुजुर्गों, हेल्थकेयर वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स को अब तक 2.15 करोड़ से ज्यादा प्रीकाशन डोज लग चुकी है। हाल ही में केंद्र सरकार ने एलान किया था कि 60 साल की उम्र पार कर चुके सभी लोग प्रीकाशन डोज के लिए योग्य होंगे। कोरोना की दूसरी खुराक लगने की तारीख से 9 महीने से 39 हफ्ते का समय पूरा करने के बाद प्रीकाशन डोज लगाई जा रही है।
16 जनवरी 2021 को शुरू हुआ था टीकाकरण अभियान
बता दें कि देश में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान 16 जनवरी 2021 को शुरू हुआ था। पहले चरण में हेल्थकेयर वर्कर्स को वैक्सीन लगाई गई थी। बीते साल 2 फरवरी को फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगना शुरू हुआ था। एक मार्च को 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों और 45 साल से ज्यादा उम्र के गंभीर बीमारी वाले लोगों के लिए टीके की शुरुआत की गई थी। बीते साल 1 अप्रैल को 45 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू हुआ था।
केंद्र सरकार ने 1 मई को टीकाकरण का दायरा और बढ़ा दिया था। सरकार ने 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों को टीका लगाने का एलान किया था। इसके बाद इसी साल 3 जनवरी से 15 से 18 साल की उम्र के बच्चों के लिए टीकाकरण शुरू हुआ था।