चीन में सोमवार दोपहर को हुए विमान हादसे को लेकर दुखद खबर आ रही है। इस हादसे के बाद प्लेन में सवार सभी लोग मारे गए हैं। बताया जा रहा है कि प्लेन के मलबे से एक भी शख्स सुरक्षित नहीं मिला है। चीनी मीडिया ने इसकी जानकारी दी है। रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है।
चिनफिंग ने दिए जांच के आदेश
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। चिनफिंग ने सोमवार दोपहर दक्षिण चीन के गुआंग्शी झुआंग में हुए प्लेन क्रैश के बाद तलाशी और बचाव के सभी प्रयासों के आदेश दिए। चिनफिंग ने कहा कि वह प्लेन MU5735 हादसे के बाद स्तब्ध हैं।
कुनमिंग से ग्वांगझू के लिए भरी थी उड़ान
गौरतलब है कि चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस का बोइंग 737 प्लेन सोमवार दोपहर गुआंग्शी की पहाड़ी में क्रैश हो गया था। प्लेन क्रैश होने के बाद पहाड़ी में आग की लपटें दिखाई दे रही थी। इस प्लेन में कुल 132 लोग सवार थे, जिनमें 9 क्रू मेंबर भी थे।
बोइंग 737 ने कुनमिंग से गुआनझोउ के लिए दोपहर 1.11 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन गुआंग्शी की पहाड़ियों में ये क्रैश हो गया। दोपहर 2.22 बजे के बाद विमान का पता नहीं चल सका। हादसे के वक्त विमान 376 नाट की स्पीड पर 3,225 फीट की ऊंचाई पर था। विमान को दोपहर 3 बजकर 5 मिनट पर लैंड करना था।