हरियाणा कांग्रेस के संगठन में बदलाव की अटकलों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें हर फ्रंट पर पूरा सम्मान दिया है। कांग्रेस का जी-23 समूह क्या है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के साथ पार्टी को मजबूत करने के तौर-तरीकों पर उनकी बातचीत हुई है। लगे हाथ हरियाणा की राजनीतिक स्थितियों से भी हाईकमान को अवगत कराया गया है। कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं की बढ़ती गतिविधियों के बीच भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सोनिया गांधी और राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात हुई है।
इस मुलाकात के बाद हुड्डा सीधे चंडीगढ़ आ गए थे। उन्होंने यहां विधानसभा के बजट सत्र में भाग लिया और समय-समय पर अपनी पार्टी के विधायकों के साथ मंत्रणा की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जिस तरह से कांग्रेस हाईकमान के प्रति अपने नरम रुख का संकेत दिया है, उससे नजर आ रहा है कि हाईकमान काफी हद तक असंतुष्ट कांग्रेस नेताओं को साथ लेकर चलने के मूड में है।
हुड्डा ने काफी कुरेदने पर ही हाईकमान के प्रति कोई ऐसी बात नहीं कही, जिसके अलग मायने निकलते हैं। हुड्डा समर्थक विधायक पिछले काफी समय से संगठन में बदलाव की मुहिम छेड़े हुए हैं। पंजाब में जब कैप्टन अमरिदंर सिंह की कांग्रेस से रवानगी हुई थी, तब इन गतिविधियों को थोड़ा विराम मिला था, लेकिन अब एकाएक इनमें तेजी आई है।