हरियाणा रोडवेज बसों की हड़ताल शुरू हो गई। सांझा मोर्चा के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारी दो दिवसीय हड़ताल पर हैं। रोडवेज का चक्का जाम किया गया है। हड़ताल रात 12 बजे से ही शुरू हो गई। सुबह प्रशासन रोडवेज डिपो पर पहुंचा और प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को किनारे किया। वहीं, बसें न चलने की वजह से यात्री परेशान हो रहे हैं। बसों को निकालने को लेकर कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन के बीच कहासुनी हुई।
पुरानी पेंशन नीति बहाली और अन्य मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी यूनियनों ने 28 और 29 मार्च को हरियाणा में चक्का जाम करने की घोषणा की थी। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार रोडवेज कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। यही कारण है कि कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। वहीं परिवहन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि चक्का जाम से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सुबह चार बजे से ही प्रदर्शनकारी डिपो में पहुंच गए। पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद था। पुलिस प्रशासन ने बसों को रवाना करने का इंतजाम किया। पहली बस सुबह 4:30 बजे सिरसा के लिए निकाली गई।
पानीपत से सिरसा, दिल्ली, लुधियाना की बसों को निकाला गया है। इधर, कैथल में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का कोई असर नहीं दिख रहा है। हालांकि कर्मचारियों ने बस स्टैंड गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया है। चार से पांच यूनियन हड़ताल में भाग नहीं ले रही हैं। सुबह 4:40 से अब तक 14 बसें अपने तय रूटों पर जा चुकी हैं। सुरक्षा को लेकर विभाग ने 25 बसों को पुलिस लाइन में खड़ा किया हुआ है। बसों को चलाने के लिए रोडवेज महाप्रबंधक अजय गर्ग कर्मचारियों के साथ मौजूद हैं। बस स्टैंड पर पुलिस की दो बस तैनात कर दी गई हैं। इसके अलावा धारा 144 लगाई हुई है। तहसीलदार सुदेश मेहरा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया हुआ है। अगर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बसों को रोका तो सभी को हिरासत में लिया जाएगा।
ये हैं कर्मचारियों की मांग
– जनता और विभाग हित में रोडवेज के बेड़े में नई बसें शामिल की जाएं, जिससे लोगों को सुविधा और कर्मचारियों को स्थायी रोजगार मिल सके।
– पुरानी पेंशन बहाल की जाए। अगर सरकार पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती हैं तो विधायक और सांसदों को भी न्यू पेंशन स्कीम में शामिल किया जाए।
– कच्चे कर्मचारियों के पक्का किया जाए।
– रोडवेज विभाग के 2016 के चालकों को कौशल रोजगार से न जोड़कर नियमित किया जाए।
129 बसें है रोडवेज बेड़े में
पनीपत रोडवेज डिपो में 129 बसें है। इसमें 25 बसें किलोमीटर स्कीम की है। इसमें रोडवेज विभाग ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद कर दी है।