मौसम अपडेट : हरियाणा के इन जिलों में आज से पड़ेगी भयंकर गर्मी, येलो अलर्ट किया जारी

आज से तीन दिन तक हरियाणा में काफी गर्मी पड़ने के आसार हैं। गर्म हवाओं के थपेड़े आपको झुलसाने का काम कर सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तीन दिन तक हीट वेब यानि गर्म हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने महेंद्रगढ़, भिवानी, नूंह, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चरखी दादरी, हिसार और सिरसा गर्म हवाओं के कारण प्रभावित रहेंगे इसकी पूरी संभावना है। गर्म हवाओं के चलने से दिन के तापमान में और वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

31 मार्च तक मौसम रहेगा खुश्क

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि हरियाणा में 31 मार्च तक मौसम आमतौर पर खुश्क व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी परन्तु रात्रि तापमान सामान्य के आसपास ही बने रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में बीच बीच में हवाएं चलने की संभावना है। इतनी धूप गेहूं की फसल के लिए कृषि विज्ञानी सही नहीं बताते हैं। इस तापमान में गेहूं का दाना सिकुड़ जाता है और पैदावार कम होने की संभावना बन जाती है। कृषि विज्ञानी अक्सर गेहूं के लिए 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के तापमान को सही मानते हैं।

क्या होता है येलो अलर्ट, क्या बरती जाती हैं सावधानियां

येलो अलर्ट से तात्पर्य होता है कि आप आगामी परिस्थिति के लिए तैयार रहें। सचेत रहें और खुद को बचाव के लिए तैयार रखें। हीट वेब के येलो अलर्ट में सलाह दी जाती है कि यह गर्म हवा क्रोनिकल बीमारियों वाले लोगों को प्रभावित कर सकती है। शरीर को डीहाईड्रेट रखें, दिन के समय घर पर ही रहें, हल्के कपड़े पहनें, छाता या कैप आदि के माध्यम से चहरा व सिर को ढककर रखें।

एक दिन पहले यह थी स्थिति

हरियाणा में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रिकार्ड तोड़ गर्मी से कई शहरों में लोगों की हालत खराब है। नारनौल में तो दिन का तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जो कि सामान्य से 8 डिग्री अधिक रहा। सिर्फ यह नहीं बल्कि हिसार, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सिरसा में भी कम तापमान नहीं रहा। यहां रिकार्ड 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज किया गया। अभी तक मार्च में 40 डिग्री से अधिक तापमान नहीं गया था। नारनौल में पिछले वर्ष 29 मार्च को 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा था। जबकि इस बार मार्च जाते जाते 41.4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। इतनी गर्मी ने लोगों को झुलसाने का काम किया है।