रामोत्सव: श्रद्धालुओं पर जन्मभूमि की रज और सरयू के जल का होगा छिड़काव, अयोध्या से आएगा प्रसाद

रामोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं पर श्रीराम जन्मभूमि की रज और सरयू के जल का छिड़काव किया जाएगा। इसके साथ ही अयोध्या से प्रसाद के 50 हजार पैकेट रवाना हो गए हैं। प्रसाद के ये पैकेट रामोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को वितरित किए जाएंगे। विश्व हिंदू परिषद द्वारा 17 अप्रैल को आयोजित होने जा रहे रामोत्सव के लिए गुरुवार को निराला नगर मैदान में पुष्पक विमान का माडल भी तैयार हो गया। इस पर छह हजार गांवों से आने वाले भगवान श्रीराम स्वरूप बच्चे व युवा बैठेंगे।

विहिप के रामोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। विहिप के प्रांतीय संगठन मंत्री मधुराम इस पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभु राम से इस कार्यक्रम को जोड़ने के लिए सरयू नदी का जल लाया जा रहा है। इस जल को दर्शकों पर पंखों के जरिए छिड़का जाएगा। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि की रज का प्रभु श्रीराम की आरती के बाद पंखे के सामने रखकर सभी के ऊपर छिड़काव किया जाएगा। इतना ही नहीं गुरुवार को अयोध्या से विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद व श्रीराम जन्मभूमि की रज वहां से रवाना कर दी है।

गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज कराने की तैयारी

गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के लिए लगातार वहां के अधिकारियों के साथ विहिप के पदाधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग पर बात कर रहे हैं। गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के अधिकारियों ने एक जैसी वेशभूषा में ही सबके शामिल होने की बात कही है। वहीं, विहिप की तरफ से कहा गया है कि यह कार्यक्रम समाज के सभी वर्गों के लिए है। अगर किसी के पास धन कम है तो वह वनवासी राम के रूप में एक भगवा में आ सकता है। अगर किसी के पास अच्छे संसाधन हैं तो वह राजाराम की वेशभूषा में आ सकता है।

दो मंत्रियों ने किया निरीक्षण

गुरुवार को पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी और श्रम राज्यमंत्री मन्नू कोरी ने निराला नगर मैदान का निरीक्षण किया। मन्नू कोरी ने वहीं से ललितपुर फोन कर लोगों से पहुंचने के लिए कहा।

वेदांती भी आएंगे

रामोत्सव में पूर्व सांसद व राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्य रामविलास वेदांती भी आएंगे। उन्होंने इसकी स्वीकृति दे दी है।