सीएम भगवंत मान सोमवार को करेंगे दिल्ली के सरकारी स्कूलों का दौरा, पंजाब में भी जल्द दिखेगा सुधार

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने अधिकारियों के साथ सोमवार को दिल्ली के सरकारी स्कूलों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे स्कूलों में आम आदमी पार्टी सरकार के उल्लेखनीय सुधारों को देखेंगे। त्यागराज स्टेडियम में बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी स्कूलों में इतना सुधार किया है कि दुनियाभर के लोग इन बदलावों को देखने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप भारत की यात्रा के दौरान दिल्ली सरकार के स्कूल देखने आई थीं। यह हमारे लिए गर्व की बात है। अभी हाल में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी हमारे स्कूल देखने आए थे। सोमवार 18 अप्रैल को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने कई अधिकारियों के साथ सरकारी स्कूलों को देखने आएंगे। वे यह देखने आ रहे हैं कि ऐसे सुधार किस प्रकार किए गए, क्योंकि उन्हें भी पंजाब के स्कूलों में ऐसा सुधार करना है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने अपने स्कूलों का स्तर इतना सुधार लिया है कि निजी स्कूलों के 3.75 लाख विद्यार्थियों ने सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया है। पिछले पांच वर्ष में सरकारी स्कूलों के स्तर में इतना सुधार हुआ कि अब न्यायाधीश, आइएएस अधिकारी और रिक्शा चालक के बच्चे एक ही बेंच पर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। आप संयोजक ने आरोप लगाया कि पूर्व में नेताओं और राजनीतिक दलों ने दलित बच्चों को अशिक्षित रखकर उनके खिलाफ साजिश रची। उन्हें अच्छी शिक्षा नहीं दी गई।