दिल्ली भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा आखिरकार शनिवार मध्य रात्रि अपने घर पहुंच गए। इस पर दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने ट्वीट कर इसे लोकतंत्र की जीत बताया है। इससे पहले शुक्रवार सुबह हुई गिरफ्तारी के बाद स्थानीय कोर्ट ने शनिवार तक हरियाणा सरकार और दिल्ली पुलिस को जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने हरियाणा से वापस दिल्ली लाकर तेजिंदर पाल बग्गा को देर रात गुरुग्राम में मजिस्ट्रेट सिद्धा त्रिपाठी के आवास पर पेश किया, जिसके बाद वह अपने घर के लिए रवाना हो गए। बयान सोमवार को दर्ज होंगे। मजिस्ट्रेट ने बग्गा और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया।
वहीं, तेजिंदर ने जानकारी दी है कि मेरा फोन पंजाब पुलिस की पुलिस कस्टडी में है और इसका ओटीपी प्रोटेक्टेड है इसलिए रियल अकाउंट से ट्वीट नहीं कर पाऊंगा। इस अकाउंट से करेंगे ट्वीट।
बता दें कि शुक्रवार सुबह भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को उनके जनकपुरी स्थित आवास से पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर इंटरनेट मीडिया में की गई टिप्पणी के खिलाफ पंजाब में दर्ज एक मामले के तहत की गई। बग्गा की गिरफ्तारी की भनक लगते ही दिल्ली में भाजपा का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर पाल सिंह बग्गा अपने पिता के साथ जनकपुरी स्थित आवास में रहते हैं। शुक्रवार सुबह पंजाब पुलिस के कई जवान चार गाड़ियों में पहुंचे और उनके घर के बाहर 10 मिनट तक खड़े रहे। स्थिति अनुकूल पाने पर दो जवान इनके घर के ड्राइंग रूम में दाखिल हुए, बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह मौजूद थे।
उन्होंने दोनों का परिचय लिया और बैठने का आग्रह करते हुए उनके लिए पानी लाने रसोई में गए। पानी पीने के बाद बग्गा के बारे में दोनों पुलिसकर्मी प्रीतपाल से पूछताछ करने लगे। इसके पहले कि प्रीतपाल सारा माजरा समझते ड्राइंग रूम में करीब 15 पुलिसकर्मी अचानक आ धमके। पुलिसकर्मियों के मंसूबे को भांप प्रीतपाल वीडियो बनाने लगे।
आरोप है कि इस पर पंजाब पुलिस के जवानों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और उनके मुंह पर मुक्का मारा। जब वे शोर मचाने लगे तो पुलिसकर्मियों ने मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। ड्राइंग रूम में शोर शराबे के बीच तेजिंदर अपने कमरे से बाहर निकले तो पुलिस वालों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और गिरफ्तार कर साथ ले जाने लगे। आरोप है कि तेजिंदर ने पगड़ी पहनने की मोहलत मांगी, लेकिन उन्हें यह मोहलत भी नहीं दी गई। पंजाब पुलिस उन्हें घर से लेकर पंजाब के लिए रवाना हो गई।