देश में किसानों के लिए तमाम तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन्हीं में से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) है। यह योजना केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही है। इसके तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। हालांकि, यह पैसा एक बार में नहीं बल्कि 3 अलग-अलग समान किस्तों में दिया जाता है। यानी, हर किस्त में 2000 रुपये होते हैं। यह 2000 रुपये केंद्र सरकार द्वारा पात्र किसानों के बैंक खाते में भेजे जाते हैं।
अब तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 10 किस्तें पात्र किसानों के बैंक खाते में भेजी जा चुकी है और अब 11वीं किस्त आने वाली है। लेकिन, अभी केंद्र सरकार चाहती है कि सभी पात्र किसान, योजना के तहत ई-केवाईसी अपडेट करें। पीएम किसान योजना के तहत ईकेवाईसी अपडेट करने की आखिरी तारीख 31 मई 2022 है। पहले यह 31 मार्च 2022 थी लेकिन तमाम परिस्थितियों को देखते हुए इस तारीख को आगे बढ़ा दिया गया था और अब पात्र किसानों को 31 मई 2022 तक ई-केवाईसी अपडेट कराना अनिवार्य है।
पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट से ई-केवाईसी करने की प्रक्रिया
- https://pmkisan.gov.in/ पर जाएं।
- eKYC लिंक पर क्लिक करें।
- अपना आधार नंबर दर्ज करें और सर्च बटन पर क्लिक करें।
- यहां मांगा गई जरूरी जानकारियों भरें।
- फिर सब्मिट पर क्लिक करें। इसके साथ ही प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।