298 क्वार्टर देशी, इंग्लिश शराब के साथ एक गिरफ्तार:तीन पुलिया ओवरब्रिज के पिल्लर्स में छिपा रखी थी पेटियां, मेले में खपाने जा रहा था

खंडवा में शराब तस्करी की फिराक में घूम रहे एक बदमाश को पुलिस ने पकड़ा है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात में पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी के कब्जे से देशी और इंग्लिश के 298 क्वार्टर बरामद किए गए है। खास बात यह है कि, आरोपी ने 5 पेटी शराब को तीन पुलिया ओवरब्रिज के लिए पिल्लर्स में छिपा रखा था। पुलिस मौके पर गई तो आरोपी वॉक रहा था। सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। जिसे गिरफ्तार कर लिया है।

मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का है, रविवार देर रात एक बजे पुलिस टीम ने तीन पुलिया रेलवे गेट के पास दबिश दी। रात्रि गश्त के दौरान एएसआई मनोज सोनी के नेतृत्व में 6 जवानों ने धावा बोल दिया। मौके पर गए तो सिर्फ एक व्यक्ति मिला, जिसकी पहचान शैलेष पिता शिवराज कटारे निवासी गंज बाजार के रूप में हुई। जिस पर पूर्व से भी शराब तस्करी के मामले दर्ज है। लेकिन उस वक्त न कोई वाहन था और ना ही उसके पास शराब थी। उधर, मुखबिर की ओर से कन्फर्म था कि आरोपी के पास बड़ी मात्रा में शराब है।

एएसआई मनोज सोनी ने बताया कि, आरोपी शैलेष को मौके पर कस्टडी में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। तब जाकर शैलेष टूटा और बताया कि ओवरब्रिज के पिल्लर्स में जो गेप है, वहां शराब की पेटियां छुपा रखी है। पुलिस ने कुल 5 पेटियां बरामद की है। इनमें 98 क्वार्टर गोवा इंग्लिश की एक पेटी और 200 देशी क्वार्टर की 4 पेटियां शामिल है। कुल 53 लीटर शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की गंभीर धारा में केस दर्ज किया है।

कमीशन पर ली शराब, मेले में खपाने जा रहा था

फिलहाल, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने शराब तस्करी के नेटवर्क का खुलासा नहीं किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसने बताया कि उक्त शराब की खरीदी लाइसेंसी दुकानों से ही की गई है। शराब दुकानों से ज्यादा कमीशन में खरीदी है। इन्हें जिलेभर में चल रहे भगोरिया मेलों में खपाने की प्लानिंग थी। मेलों में महंगे रेट में शराब बिकती है। जिससे कि अच्छा प्रॉफिट होता है।

E-Paper 2025