मिस वर्ल्ड 2000 का ताज, पद्मश्री से सम्मानित, नेशनल अवॉर्ड, पांच फिल्मफेयर अवॉर्ड, 2 पीपुल चॉइस अवॉर्ड और न जाने कितने ही अवॉर्ड अपने नाम करने वाली सेल्फ मेड वुमन। जी हां आज बात हो रही है प्रियंका चोपड़ा की।
आज देसी गर्ल प्रियंका अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। 40 साल की हो चुकी प्रियंका ने अपनी लाइफ में खुद के दम पर काफी कुछ हासिल किया है। वो दुनिया की 100 सबसे पॉवरफुल वुमन्स में से एक हैं। उन्होंने तमिल फिल्म थमिजन से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म के बाद उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म “द हीरो- लव स्टोरी ऑफ द स्पॉय” रिलीज हुई। प्रियंका अब बॉलीवुड के साथ हॉलीवुड का भी जाना माना नाम हैं। प्रियंका 20 सालों के एक्टिंग करियर में लगभग 67 फिल्मों में काम कर चुकी हैं और अब वो एक बेहतरीन एक्टर, प्रोड्यूसर, सिंगर और बिजनेसवुमन के तौर पर खुद को प्रूफ कर चुकी हैं। तो चलिए आज प्रियंका के बर्थडे के मौके पर जानते हैं, उनका अबतक का सफर।
आर्मी में डॉक्टर माता-पिता के घर हुआ जन्म
प्रियंका चोपड़ा का जन्म 18 जुलाई 1982 को बिहार के जमशेदपुर में हुआ था। उनके माता-पिता आर्मी में डॉक्टर थे। ऐसे में उनके पैरेंट्स के प्रोफेशन के चलते उनका पूरा बचपन अलग-अलग शहरों में बीता। एक इंटरव्यू में प्रियंका ने बताया था कि उनकी फैमिली ज्यादातर बंकरों में ही रहती थी, लेकिन प्रियंका पर इसका कभी बुरा असर नहीं पड़ा। उनका कहना है कि उन्होंने हमेशा इस एक्सपीरियंस को इंजॉय किया है। इससे उन्हें लोगों को समझने का ज्यादा मौका मिला।
13 साल की उम्र में गईं US
प्रियंका जब 13 साल की हुईं तो उनके पैरेंट्स ने पढ़ाई के लिए उन्हें यूएस भेज दिया। इस दौरान उन्होंने अपनी चाची के घर रहकर अपनी स्कूली पढ़ाई की। एक इंटरव्यू में प्रियंका ने ये खुलासा किया था कि जब वो यूएस में थीं तब उन्हें पढ़ाई के दौरान नस्लीय भेदभाव का भी सामना करना पड़ा था। प्रियंका ने अपनी किताब अनफिनिश्ड में खुलासा किया था कि प्रियंका का स्किन टोन डार्क होने की वजह से उन्हें इस भेदभाव का सामना करना पड़ता था, जिसकी वजह से उनका कॉन्फिडेंस काफी कम हो गया था।
3 साल बाद लौंटी भारत
3 साल बाद भारत लौटने के बाद प्रियंका ने आर्मी स्कूल बरेली में एडमिशन लिया और अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की। इस दौरान पीसी थिएटर में भी काफी एक्टिव हो गईं और उन्होंने एक्टिंग करना शुरू कर दिया।
18 साल की उम्र में 92 देशों की कंटेस्टेंट को हराकर जीता मिस वर्ल्ड का खिताब
प्रियंका ने स्कूलिंग के दौरान ही ब्यूटी कॉन्टेस्ट में पार्टिसिपेट करना शुरू कर दिया था। उन्होंने सबसे पहले एक लोकल ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीता, जिससे उनमें कॉन्फिडेंस आ गया। इसके बाद मां के कहने पर प्रियंका ने साल 2000 में फेमिना मिस इंडिया में पार्टिसिपेट किया। इस कॉन्टेस्ट में प्रियंका सेकंड रनरअप रहीं। इसके बाद उन्होंने मिस इंडिया वर्ल्ड का टाइटल अपने नाम किया। इसी साल प्रियंका ने मिस वर्ल्ड कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया, हालांकि इस कॉम्पिटिशन में जीतना इतना भी आसान नहीं था। प्रियंका के सामने 92 देशों की ब्यूटी क्वीन्स थीं, लेकिन अपने कॉन्फिडेंस और हाजिर जवाबी से प्रियंका ने मिस वर्ल्ड 2000 का क्राउन अपने नाम कर लिया। पीसी ने 7 सालों बाद इस खिताब को भारत को वापस दिलाया था। वो 5वीं इंडियन थीं, जिसे मिस वर्ल्ड का क्राउन मिला था।
मिस वर्ल्ड बनने के बाद मिलने लगे फिल्मों के ऑफर
पीसी को मिस वर्ल्ड बनने के बाद फिल्मों के ऑफर आने लगे। उन्हें 2002 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म हमराज में लीड रोल भी ऑफर किया गया था, लेकिन इससे पहले ही प्रियंका फिल्म थमिजन साइन कर चुकी थीं। इसी वजह से वो ये फिल्म नहीं कर पाईं और ये फिल्म अमीषा पटेल को मिल गई। उन्होंने 2002 में रिलीज हुई फिल्म थमिजन से अपना स्क्रिन डेब्यू किया। इस फिल्म में प्रियंका की एक्टिंग को काफी सराहा गया। इस फिल्म के बाद वो 2003 में आई फिल्म “हीरो- द स्टोरी ऑफ स्पाय” में नजर आईं। हालांकि इस फिल्म में प्रियंका का रोल ज्यादा बड़ा नहीं था। इस फिल्म में लीड रोल में सनी देओल और प्रीति जिंटा थे। ये फिल्म उस समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी।
फिल्म अंदाज में पहली बार मिला लीड रोल
प्रियंका को 2003 में रिलीज हुई फिल्म अंदाज में पहली बार लीड एक्ट्रेस के तौर पर कास्ट किया गया। इस फिल्म में उनके अलावा लारा दत्ता भी फिमेल लीड थीं और अक्षय कुमार उनके अपोजिट नजर आए थे। इस फिल्म में प्रियंका की एक्टिंग को काफी पसंद किया गया। यहीं से शुरू हुआ उनका एक्टिंग का सफर आज भी जारी है। उन्होंने अपने करियर में द स्कॉय इज पिंक, फैशन, बाजीराव मस्तानी, मैरी कॉम, डॉन, अग्निपथ जैसी बेहतरीन फिल्मों में काम किया है।
20 सालों के करियर में 67 फिल्मों में किया काम
2002 से एक्टिंग करियर शुरू करने वाली प्रियंका को इंडस्ट्री में 20 साल हो चुके हैं। इस 20 सालों में प्रियंका ने लगभग 67 फिल्मों में काम किया है। उनकी बॉलीवुड की आखिरी फिल्म “द व्हाइट टाइगर” और इग्लिंश फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शंस’ थी। ये फिल्में 2021 में रिलीज हुई थी। 2015 से प्रियंका हॉलिवुड में काफी एक्टिव हैं और फिलहाल “इट्स ऑल कमिंग बैक टू मी” की शूटिंग में बिजी हैं। ये फिल्म 2023 में रिलीज होगी।
पद्मश्री से सम्मानित
प्रियंका को 2016 को भारत सरकार ने आर्ट में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया था। इसके अलावा फिल्म फैशन में उन्हें बेहतरीन एक्टिंग के लिए बेस्ट एक्ट्रेस के नेशनल अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है। उन्होंने 5 फिल्मफेयर अवॉर्ड और 2 पीपुल च्वॉइस अवॉर्ड जीते हैं। प्रियंका पहली साउथ एशियन हैं, जिसे पीपुल च्वॉइस अवॉर्ड से नवाजा गया है।
559 करोड़ है नेटवर्थ
प्रियंका चोपड़ा की नेटवर्थ 559 करोड़ रुपए है। वो देश की सबसे अमीर एक्ट्रेसेस में से एक हैं। उनके मुंबई और लॉस एंजिल्स में घर हैं साथ ही उनके रेस्टोरेंट भी हैं। प्रियंका कई बिजनेस भी करती हैं। उनकी पार्किंग में मर्सडीज बैच एस650, रॉल्स रॉयल घोस्ट, बीएमडब्ल्यू 5-सीरीज, मर्सडीज एस-क्लास, मर्सडीज ई-क्लास, ऑडी क्यू7 जैसी कारें हैं।
शादी को लेकर चर्चाओं में रहीं
प्रियंका निक जोनस से अपनी शादी को लेकर चर्चाओं में रही हैं। निक उनसे उम्र में 10 साल छोटे हैं। इस कपल ने काफी धूम-धाम से शादी की है। बता दें कि इससे पहले प्रियंका का नाम शाहरुख खान, शाहिद कपूर जैसे स्टार्स के साथ भी जुड़ा था।
सरोगेसी से बेटी को दिया जन्म
प्रियंका और निक हाल ही में माता-पिता बने हैं। प्रियंका को सरोगेसी के जरिए बेटी हुई है, जिसका नाम उन्होंने मालती मॉरी चोपड़ा जोनस रखा है। फिलहाल प्रियंका अपने काम के साथ ही मदरहुड भी इंजॉय कर रही हैं।