मौसम विज्ञान विभाग के अनुमानों के उलट आज भी वाराणसी में रोज की तरह से तेज धूप खिली है। टेंपरेचर नॉर्मल से 6°C ज्यादा 40°C तक पहुंच गया है। बीते कई दिनों से बारिश का प्रेडिक्शन पूरी तरह से गलत हो रहा है। आज सुबह साढ़े 5 बजे तक पारा 31.2°C पर पहुंच गया था। वहीं अभी 32°C पर है। हालांकि, सुबह से बह रही हवा ने कुछ राहत जरूर दे दिया है। इससे उमस कम है।
मौसम विज्ञान विभाग ने आज से लेकर कल तक अच्छी बारिश का अनुमान लगाया है। मगर, धूप के तेवर देखकर तो ऐसा नहीं लगता कि बारिश होगी। उधर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मानसून जरूर थोड़ा फेवरेबल हुआ है, मगर जोरदार या घनघोर बारिश जैसी कोई कंडीशन दिख नहीं रही है। हो सकता है, हल्की-फुल्की बरसात हो भी। मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश में 115.6-204.4 एमएम तक बरसात होने की संभावना जताई है।
किसान को धान की चिंता
आज वाराणसी में हवा 7 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल रही है। वहीं इस हवा में नमी 77% तक दर्ज की गई। मंगलवार को वाराणसी का मैक्सिमम टेंपरेचर 39.2°C तक चला गया। यह नॉर्मल से भी 6°C ज्यादा है। इस बार जुलाई में काफी सूखा पड़ गया है। किसानों को चिंता है धान की। इस समय फसल को सबसे ज्यादा बारिश की जरूरत है। ग्राउंड वाटर भी काफी नीचे चला गया है। इसलिए सिचाई में काफी दिक्कत हो रही है।
एयर पॉल्यूशन 48 अंक पर
वाराणसी का AQI यानी कि एयर क्वालिटी इंडेक्स आज 48 अंक पर है। आज वाराणसी का सबसे पॉल्यूटेड एरिया अर्दली बाजा रहा। यहां का AQI 50 अंक दर्ज किया गया। इसके अलावा BHU में 46 अंक AQI रहा। वहीं शहर के दो सेंटर भेलूपुर और मलदहिया की AQI रिपोर्ट आज जारी नहीं की गई।