ED के समक्ष सोनिया गांधी की पेशी:आज चंडीगढ़ कांग्रेस निकालेगी पार्टी ऑफिस से ईडी दफ्तर तक रैली; कार्रवाई का विरोध

इंडियन नेशनल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को आज एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) के सामने पेश होना है। चंडीगढ़ कांग्रेस ईडी की कार्रवाई के खिलाफ आज चंडीगढ़ में सेक्टर-18 स्थित ईडी के ऑफिस के बाहर धरना प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस के चंडीगढ़ प्रवक्ता राजीव शर्मा ने यह जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस का विरोध मार्च सेक्टर 35 से शुरू होगा और ईडी के दफ्तर तक जाएगा। इससे पहले राहुल गांधी को ईडी ने कई दिन दफ्तर बुला कर घंटों पूछताछ की थी। उस दौरान भी चंडीगढ़ कांग्रेस ने ईडी के दफ्तर का घेराव करने का कार्यक्रम तय किया था।

कड़ी पुलिस सुरक्षा के चलते कांग्रेस को ईडी दफ्तर से काफी दूर बैठ कर धरना देना पड़ा था, लेकिन यह स्पष्ट है कि ईडी जानबूझकर राहुल गांधी और सोनिया गांधी को परेशान कर रही है। ईडी की कार्रवाई भाजपा से प्रेरित है और वह कांग्रेस को राष्ट्रीय मुद्दों पर दबाना चाहती है।

कांग्रेस के शीष नेताओं पर कार्रवाई करके भाजपा विपक्ष की आवाज को दबाना चाह रही है। आज कांग्रेस के प्रदर्शन में चंडीगढ़ महिला कांग्रेस की प्रधान दीपा अस्धिर दूबे, यूथ कांग्रेस प्रधान मनोज लुबाना और चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रधान हरमोहिंदर सिंह लक्की अपनी इकाइयों के साथ शामिल होंगे।

वहीं सूत्रों के मुताबिक, चंडीगढ़ पुलिस बैरिकेडिंग करके कांग्रेसियों को सेक्टर-35 में ही रोक सकती है। कांग्रेस का प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन सुबह साढ़े 11 बजे शुरू होगा।