कनाडा में शूटआउट:ब्रिटिश कोलंबिया में फायरिंग में 2 की मौत, 2 घायल; पुलिस ने हमलावर को भी ढेर किया

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के लैंग्ली शहर में कई जगहों पर फायरिंग में दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर को भी मार गिराया। घटना कनाडा के समय के मुताबिक, सोमवार सुबह की है। भारत और कनाडा के समय में 9.30 घंटे का अंतर है। यानी भारतीय समयानुसार यह घटना सोमवार सुबह 9.30 से 3.30 बजे के बीच की है।

पुलिस के मुताबिक, शूटआउट की वारदात वैंकूवर के पास लैंग्ली शहर में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात को शुरू हुई। एक हमलावर ने रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक शहर की करीब 5 लोकेशन पर बेघर लोगों को अपना निशाना बनाया। हमलावर ने चार लोगों को गोली मारी, जिसमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुरुष व एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।

इन लोकेशन पर हुआ हमला
पुलिस ने बताया कि हमलावर ने सबसे पहले कैसिनो के पास रात करीब 12 बजे हमला किया। इसके बाद 3 बजे, 5 बजे और 5.45 बजे एक रेसिडेंशियल कॉम्पलेक्स, बस स्टॉप और हाईवे पर भी शूटिंग की। इसके अलावा हमलावर ने मॉल के पास भी गोली चलाई। ये सभी लोकेशन कुछ किमी की दूरी पर हैं।

मॉल के पास पुलिस की गोली का शिकार बना हमलावर
पुलिस ने बताया कि विलोब्रुक मॉल के पास उन्होंने हमलावर को मार गिराया। मॉल के पास एक काले रंग की पुलिस की गाड़ी बरामद हुई है जिसकी विंडशील्ड और ड्राइवर सीट वाली खिड़की में कम से कम 9 गोलियां दागी गई हैं।

कनाडा पुलिस का कहना है कि अभी यह साफ नहीं है कि कार पर हमलावर ने गोली चलाई या अंदर बैठे पुलिसकर्मी ने बाहर हमलावर पर गोली चलाई।

मारे गए लोगों की पहचान का अभी खुलासा नहीं
कनाडा पुलिस ने फिलहाल हमलावर और मारे गए नागरिकों की पहचान सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पहले मृतकों के परिवार वालों को इस बारे में जानकारी दी जाएगी। उसके बाद ही लोगों के सामने नामों का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने यह भी बताया कि पुलिस हमलावर को जानती है, लेकिन हमला करने के पीछे क्या कारण हो सकता है इसका पता लगाना बाकी है।

10 दिन पहले हुई थी भारतीय मूल के व्यक्ति की हत्या
10 दिन पहले भारतीय मूल के रिपुदमन सिंह की हत्या कर दी गई थी। सिंह 1985 में एयर इंडिया के कनिष्क विमान को उड़ाने का आरोपी था।