जज के गनमैन ने पत्नी को मारी गोली:सोनीपत में सरकारी क्वार्टर में जवान को आया गुस्सा; महिला गंभीर हालत में PGI रेफर

हरियाणा के सोनीपत में एक जज के गनमैन एवं हरियाणा पुलिस के जवान ने घरेलू कलह में अपनी पत्नी को गोली मार दी। महिला की हालत गंभीर है और उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और सिपाही फरार बताया जा रहा है।

बताया गया है कि हरियाणा पुलिस का सिपाही देवेंद्र अपने परिवार के साथ सोनीपत में लघु सचिवालय के पास बने सरकारी क्वार्टर में रह रहा है। वह गोहाना के जज का गनमैन है। देवेंद्र का अपनी पत्नी मोनिका के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है। पति-पत्नी में रात को किसी बात को लेकर झगडा हो गया। यह इतना बढ़ गया कि देवेंद्र आपा खो बैठा और उसने अपनी सरकारी रिवाल्वर से पत्नी मोनिका को गोली मार दी और मौके से भाग गया।

मोनिका को रात को ही सोनीपत के नागरिक अस्पताल में लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली मोनिका की छाती में लगी है। उसे गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। वारदात की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस की ओर से घटनास्थल पर पूरी जांच की गई।

घायल मोनिका ने आरोप लगाया है कि देवेंद्र उसे काफी समय से परेशान कर रहा था। उसने कई बार इसकी शिकायत पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने अपने जवान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। वह अपनी शिकायत सोनीपत के एसपी को भी दे चुकी है, लेकिन उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हुई। अब देवेंद्र ने उसे जान से मारने के लिए गोली मारी है। मोनिका की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस उसके बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी।