पंजाब कांग्रेस भवन में हंगामा:विधायक दल नेता के लिए पुलिस वालों ने गेट नहीं खोला; नाराज होकर वापस लौटे बाजवा

पंजाब कांग्रेस में फिर से दरार नजर आ रही है। सोमवार को विधायक प्रताप सिंह बाजवा की कार चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में नहीं घुसने दी गई। इससे नाराज होकर बाजवा वापस लौट गए। प्रताप सिंह बाजवा पंजाब विधानसभा में विपक्षी दल नेता है।

आज वह विजिलेंस ऑफिस के घेराव के लिए कांग्रेस भवन पहुंचे थे। वहीं कांग्रेस प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने इसका पता चलते ही कांग्रेस भवन में तैनात पुलिस कर्मचारियों पर भी गुस्सा निकाला। इसको लेकर चर्चा होने लगी है कि किसके इशारे पर पुलिस ने यह सब किया।

पुलिस ने बाजवा की गाड़ी के लिए गेट नहीं खोला
कांग्रेस आज चंडीगढ़ में विजिलेंस ब्यूरो के ऑफिस का घेराव कर रही है। इसके जरिए पूर्व कांग्रेसी नेताओं पर केस दर्ज करने का विरोध किया जा रहा है। इसी के लिए बाजवा सेक्टर 15 स्थित कांग्रेस भवन आए थे। जब उनकी गाड़ी कांग्रेस भवन पहुंची तो बाजवा की गाड़ी के लिए गेट नहीं खोला गया। वहां खड़े पुलिस कर्मियों ने बार-बार कहने पर भी गेट नहीं खोला। इस दौरान कुछ गाड़ियां पहले से अंदर खड़ी थी। पुलिसकर्मियों ने कहा कि गेट खराब है। बाजवा गाड़ी से उतरकर अंदर गए लेकिन थोड़ी देर में बाहर निकलकर गाड़ी में बैठ चले गए।

वड़िंग ने पुलिस वालों को डांटा तो तुरंत गेट खुल गया
पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग ने कहा कि बाजवा से कोई नाराजगी नहीं है। वह हमारे CLP लीडर हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों को डांटा कि उनकी गाड़ी कैसे रोकी गई। वड़िंग की डांट के बाद कांग्रेस भवन का गेट खुल गया। वड़िंग ने कहा कि किसी पुलिसकर्मी ने बदतमीजी की है तो उसे यहां की ड्यूटी से हटा दिया जाएगा। इसके बारे में आगे शिकायत भी की जाएगी। यहां के कर्मचारी भी सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। बार-बार सवाल पर वड़िंग ने कहा कि मीडिया बात का बतंगड़ न बनाए।