बीच रास्ते से लौटी विस्तारा की फ्लाइट:दिल्ली से मुंबई जा रहे विमान के कॉकपिट में सीटी की आवाज सुनाई दी थी

दिल्ली से मुंबई जा रही विस्तारा की फ्लाइट बीच रास्ते से वापस लौट आई। इसके कॉकपिट में सीटी की आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद एहतियातन ये कदम उठाया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद विमान का ग्राउंड इन्स्पेक्शन किया गया। विमान के स्ट्रक्चर में कोई खराबी नहीं पाई गई है। DGCA ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

4 सितंबर को विस्तारा एयरलाइंस का B737-800 एयरक्राफ्ट UK 951 (दिल्ली-मुंबई) फ्लाइट को ऑपरेट कर रहा था। उड़ान भरने के बाद पायलट्स को कॉकपिट के दाएं हिस्से में सीटी की आवाज सुनाई दी। पायलट्स ने लौटने का फैसला किया और फ्लाइट सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर दी।

विस्तारा टाटा और सिंगापुर एयरलाइंस का जॉइंट वेंचर है। एयरलाइंस ने घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों ने कहा कि फ्लाइट के वापस लौटने के बाद हमने पैसेंजर्स के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की और उन्हें मंजिल तक पहुंचाया।

स्पाइस जेट की फ्लाइट्स में आई थी गड़बड़ियां
ऑटो पायलट सिस्टम खराब हुआ: 
1 अगस्त को दिल्ली से नासिक जा रही स्पाइस जेट की फ्लाइट में टेकऑफ के बाद अचानक से ऑटो पायलट सिस्टम में खराबी आ गई थी। इसके चलते फ्लाइट को दिल्ली वापस लौटना पड़ा था। DGCA के मुताबिक, स्पाइस जेट B737 फ्लाइट SG 8363 ने सुबह 6:57 बजे दिल्ली से नासिक के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन बीच हवा में ऑटो पायलट सिस्टम खराब हो गया और फ्लाइट को दिल्ली लौटना पड़ा।

प्लेन का टायर फटा: 29 अगस्त को मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार को लैंडिंग के समय स्पाइसजेट बोइंग 737-800 के विमान का टायर फट गया था। इसके बाद दिल्ली से आ रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। खास बात यह थी कि विमान के कैप्टन को भी प्लेन के लैंडिंग गियर में खराबी का पता नहीं चला। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। लैंडिंग के बाद सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित थे।