ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेतों का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स में 700 से ज्यादा अंकों की गिरावट है। निफ्टी 17200 के नीचे फिसल गया है। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। केवल नेसले, इंफोसिस, एचसीएल टेक और एशियन पेंट में तेजी है।
NSE के ऑटो, मेटल, PSU बैंक, रियल्टी और मीडिया सेक्टर में 3% से ज्यादा की गिरावट है। बाकी सभी सेक्टर्स में भी बिकवाली से बाजार पर दबाव बना है। मिडकैप और स्मॉलकैप में करीब 3% की कमजोरी है। उधर, रुपया भी 56 पैसे कमजोर होकर खुला। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए ने 81.55 के रिकॉर्ड निचले स्तर को छुआ।
अमेरिकी बाजार ढाई पर्सेंट से ज्यादा टूटे
शुक्रवार को अमेरिकी बाजार ढाई पर्सेंट से ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाओ करीब 500 अंक लुढ़ककर 22 महीनों के निचले स्तर पर पहुंच गया है। एशियाई बाजार भी दबाव में है। लगभग सभी सूचकांक लाल रंग में कारोबार कर रहे हैं। डाओ जोंस, नैस्डैक और S&P 1.6%, 1.8% और 1.7% की गिरावट के साथ बंद हुए।
हर्षा इंजीनियर्स 34.55% ऊपर लिस्ट हुआ
गिरते बाजार के बीच हर्षा इंजीनियर्स इंटरनेशनल लिमिटेड के शेयरों ने जोरदार शुरुआत की। बीएसई पर हर्षा इंजीनियर्स के शेयर 444 रुपए प्रति शेयर पर खुले। यह 330 रुपए के इश्यू प्राइस के मुकाबले 34.55% या 114 रुपए का प्रीमियम है।
आईपीओ 74.70 गुना सब्सक्राइब हुआ था। रिटेल सेगमेंट 17.6 गुना, NII कोटा 71.3 गुना और क्यूआईबी 178.26 गुना सब्सक्राइब हुआ था। हर्षा इंजीनियर्स का आईपीओ 14-16 सितंबर के बीच खुला था। शेयर ने 486.30 रुपए का हाई बनाया।
तीन दिन में 6.8 लाख करोड़ रुपए का नुकसान
बीते हफ्ते लगातार आखिरी तीन कारोबारी दिन बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, BSE में लिस्टेड कंपनियों का बाजार पूंजीकरण घटकर 276.6 लाख करोड़ रुपए हो गया। यानी निवेशकों को तीन दिनों में 6.8 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
एक्सपर्ट की स्थिरता आने तक इंतजार की सलाह
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ‘सेंट्रेल बैंकों की एग्रेसिव मॉनेटरी पॉलिसी से ग्लोबल ग्रोथ इंजन मंदी की स्थिति में हैं। हालांकि, भारत वर्तमान में क्रेडिट ग्रोथ और टैक्स कलेक्शन में तेजी के साथ बेहतर स्थिति में है। निवेशकों को सलाह दी जाती है कि वे थोड़ी स्थिरता आने तक इंतजार करें।’