कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव: चंडीगढ़ के 37 नेता डालेंगे वोट, खड़गे और थरूर के बीच मुकाबला

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में चंडीगढ़ के 37 नेता भी मतदान करेंगे, जिनमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल भी शामिल है। इस चुनाव के लिए चंडीगढ़ कांग्रेस ने कुल 37 डेलीगेट्स का चुनाव किया है। यह डेलीगेट्स राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए मतदान करेंगे।

चंडीगढ़ कांग्रेस के डेलीगेट्स ने स्पष्ट कर दिया है कि वह मतदान उसी उम्मीदवार को करेंगे जिसे पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल कहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है।उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए उनके समर्थकों ने प्रचार शुरू कर दिया है। वह चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं को फोन करके खड़गे के समर्थन में मतदान करने के लिए कह रहे हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए 17 अक्टूबर को वोटिंग होगी। मदतान के दौरान सभी डेलीगेट्स को क्यूआर कोड वाला वोटर आइडी दिखाना होगा। क्यूआर कोड नहीं होने की सूरत में आधार कार्ड दिखाना होगा। उल्लेखनीय है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल इस समय कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हैं। अध्यक्ष चुनाव के बाद गठित होने वाली नई कार्यकारिणी में भी बंसल को जगह मिलेगी। चुनाव के लिए मतदान सेक्टर-35 के कांग्रेस भवन में होगा।

वोटिंग 17 अक्टूबर को होगी और चुनाव परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा। चंडीगढ़ कांग्रेस की इस समय प्रदेश कार्यकारिणी का भी गठन होना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से 13 उपाध्यक्ष, 13 महासचिव, 36 सचिव, 32 सह सचिव के नामों की सूची मंजूरी के लिए हाईकमान को भेजी है। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाली नई प्रदेश कार्यकारिणी को मंजूरी देंगे।

डेलीगेट्स में से ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इस समय चंडीगढ़ कांग्रेस का संगठन कमजोर है।इसलिए पार्टी का पूरा जोर संगठन को मजबूत करने पर है। पार्टी की ओर से हाल ही में चार जिला अध्यक्षों का चुनाव किया गया है। जिला कार्यकारिणी का भी गठन किया जाना है।

कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की का कहना है कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को चंडीगढ़ बुलाया जाएगा और उनके सम्मान में एक कार्यक्रम भी किया जाएगा।