गुजरात तट से पाकिस्तानी नाव पकड़ी गई, 350 करोड़ की हेरोइन के साथ 6 गिरफ्तार

इंडियन कोस्ट गार्ड्स ने ATS गुजरात ने शनिवार सुबह जॉइंट ऑपरेशन चलाकर अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास से एक पाकिस्तानी बोट पकड़ी है। अल साकार नाम के इस बोट से 50 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है।

बोट सवार 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इंटरनेशनल मार्केट में हेरोइन की कीमत करीब 350 करोड़ रुपए आंकी गई है। आगे की जांच के लिए नाव को कच्छ जिले के जखाऊ पोर्ट ले जाया गया है। इससे पहले 14 सितंबर को भी एक पाकिस्तानी बोट से 200 करोड़ की 40 किलो हेरोइन जब्त की गई थी।

फेसबुक के 10 लाख यूजर्स का डेटा लीक, कंपनी ने यूजर्स को पासवर्ड बदलने की सलाह दी

मेटा ने 10 लाख यूजर्स की जानकारी पासवर्ड के साथ लीक होने की चेतावनी जारी की है। कंपनी ने कहा कि यूजर्स का ये डेटा थर्ड पार्टी ऐप्स के जरिए लीक हुआ है। उसने अपने यूजर्स को तुरंत पासवर्ड बदलने की सलाह दी है।

अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM आज से 2 दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज से दो दिन यानी 8 और 9 अक्टूबर तक दौरे पर गुजरात में रहेंगे। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे। इन दो दिनों में दिल्ली CM वडोदरा और दाहोद में 4 जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री स्मृति चिन्ह 2022 की नीलामी 12 अक्टूबर तक बढ़ी, पहले 2 अक्टूबर थी आखिरी तारीख

PM स्मृति चिन्ह 2022 की नीलामी को 12 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है। संस्कृति मंत्रालय की ओर से सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी गई। बता दें कि हाल ही में मंत्रालय ने PM मोदी के जन्मदिन पर मिले उपहारों की ई-नीलामी शुरू की थी। पहले नीलामी 2 अक्टूबर तक होने वाली थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।

दिल्ली-NCR में CNG की कीमत 3 रुपए बढ़ी, आज सुबह 6 बजे से लागू नई कीमतें

दिल्ली-NCR में CNG के दाम 3 रुपए बढ़ गए हैं। CNBC से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली-NCR में नई दरें 8 अक्टूबर यानी आज सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। इसके बाद से दिल्ली में प्रति किलो CNG की कीमत 78.61 रुपए हो गई है। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में CNG आब प्रति किलो 81.17 रुपए में मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर…

अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता थुप्टेन टेम्पा का निधन

अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता थुप्टेन टेम्पा का निधन हो गया है। 7 अक्टूबर की शाम ईटानगर के रामकृष्ण मिशन अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। थुप्टेन टेम्पा के निधन पर CM पेमा खांडू ने शोक जताया है। उन्होंने कहा कि टेम्पा जी के निधन से दुखी हूं। भगवान बुद्ध उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

कर्नाटक सरकार ने SC-ST आरक्षण वृद्धि को मंजूरी देने के लिए सुबह 11.30 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई

कर्नाटक की सरकार ने SC-ST आरक्षण वृद्धि को मंजूरी देने के लिए आज सुबह 11.30 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। हाल ही में CM बोम्मई ने कहा था कि आरक्षण मैट्रिक्स में बदलाव पर चर्चा के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी। बता दें कि न्यायमूर्ति एचएन नागमोहन दास समिति ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षण को 15% से बढ़ाकर 17% और अनुसूचित जनजातियों के लिए उनकी जनसंख्या के अनुपात में 3% से बढ़ाकर 7% करने की सिफारिश की थी।