सुप्रीम कोर्ट कल करेगा सत्येंद्र जैन के केस की सुनवाई, मनी लॉन्ड्रिंग केस नए जज को ट्रांसफर करने लगी है याचिका

सुप्रीम कोर्ट आम आदमी पार्टी के मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले को नए ट्रायल जज को ट्रांसफर करने के खिलाफ दायर याचिका पर कल सुनवाई के लिए राजी हो गया है। 1 अक्टूबर को दिल्ली HC ने ED के अनुरोध पर मामले को नए ट्रायल जज के पास ले जाने के फैसले की पुष्टि की थी।

ओडिशा में फुटबॉल मैच के दौरान बिजली गिरने से दो की मौत, 21 घायल

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक फुटबॉल मैच के दौरान बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य झुलस गए। मरने वालों में एक फुटबॉल खिलाड़ी था। वहीं, घायलों में ज्यादातर दर्शक थे। घटना रविवार को नुआगांव प्रखंड के बनीलाटा में एक स्थानीय फुटबॉल मैच के दौरान हुई।

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, दो आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। यहां तंगपावा इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आंतकियों को मार गिराया है। पुलिस और सुरक्षाबलों का जॉइंट ऑपरेशन अभी भी जारी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, आतंकियो के घिरे होने की जानकारी मिलने के बाद रविवार शाम इलाके की घेराबंदी की गई। सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

साउथ अमेरिकी देश वेनेजुएला में लैंडस्लाइड; 22 की मौत, 50 से ज्यादा लापता

साउथ अमेरिकी देश वेनेजुएला के लास तेजेरियस शहर में लैंडस्लाइड होने से 22 लोगों की मौत हो गई। करीब 50 लोग लापता बताए जा रहे हैं। यहां भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यहां नदियों का जलस्तर बढ़ जाने से कई घर तबाह हो गए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि लास तेजेरियस की 30 साल बाद सबसे बड़ी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ आ गई है। इसके पहले वर्गास शहर में 1999 में लैंडस्लाइड हुआ था जिसमें 10 हजार लोगों की मौत हो गई थी।

अमेरिका के फ्लोरिडा में फायरिंग, 1 की मौत, 6 घायल

अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में एक बार के बाहर गोलीबारी हुई है। टाम्पा शहर में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। शुरूआती जांच से पता चला है कि बार के अंदर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद गोलीबारी शुरू हुई।

BSF ने बांग्लादेशी तस्कर को मार गिराया

पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में BSF जवानों ने एक बांग्लादेशी तस्कर को मार गिराया। जवानों ने शनिवार रात को तस्करों को मवेशियों के साथ सीमा के पास रोका तो 15-20 बांग्लादेशी तस्करों ने जवानों को घेर लिया और धारदार हथियारों और लाठियों से जवानों पर हमला कर दिया। तस्करों को डराने के लिए जवानों ने पहले हवा में फायरिंग की, लेकिन गैंग ने हमला जारी रखा तो एक जवान ने एक और राउंड फायरिंग कर दी, जिससे एक तस्कर घायल हो गया। उसकी बाद में मृत्यु हो गई।

दिल्ली में अब बाजार और रेस्तरां 24 घंटे खुले रहेंगे

दिल्ली में अब बाजार और रेस्तरां 24 घंटे खुलेंगे। उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना ने 314 एप्लिकेशन को मंजूरी दी है। इनमें ऑनलाइन शॉपिंग, डिलिवरी शॉप्स, होटल, रेस्त्रां और ट्रांसपोर्ट सेवाओं से जुड़ी चीजें शामिल हैं। LG ऑफिस रविवार को इस फैसले की जानकारी दी है। इनमें कुछ एप्लिकेशन 2016 से लंबित थे। उपराज्यपाल ने यह आदेश दिया है कि इस निर्णय से संबंधित नोटिफिकेशन 7 दिन के अंदर ही जारी किया जाए।

उपराज्यपाल ने यह भी कहा है कि ऐसे एप्लिकेशन पर निश्चित समय सीमा में फैसला होना चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक कुल 346 एप्लिकेशन लंबित थे। इनमें 2016 के 18, 2017 के 26, 2018 के 83, 2019 के 25, 2020 के 4 और 2021 के 74 आवेदन श्रम विभाग के पास विचाराधीन थे।

मोहाली सिटी सेंटर में बन रहे शोरूम की दीवार गिरी, 8 मजदूर दबे, 2 की मौत

पंजाब के मोहाली में एयरपोर्ट रोड पर सिटी सेंटर के तहत बन रहे शोरूम की दीवार रविवार को गिर गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है, 2 घायल हैं। जानकारी के मुताबिक मलबे में 8 मजदूर दबे थे, जिनमें अब तक दो को ही बचाया गया है। बाकी मजदूरों का रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।

दिल्ली में दो मंजिला इमारत ढही, एक बच्ची की मौत, 10 घायल

दिल्ली के लाहौरी गेट के पास रविवार रात दो मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में चार साल की एक बच्ची की मौत हो गई। 10 लोगों को LNGP अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली दमकल सेवा के अनुसार मलबे में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है। उनकी तलाश के लिए NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।