बेहतर मेंटल हेल्थ के लिए रोज छोटे लक्ष्य सेट करें:आज के बारे में सोचें, मेडिटेशन करें और खुद को व्यस्त रखें

हर साल 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य मानसिक समस्याओं व बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इन तकलीफों से पीड़ित लोगों की मदद करना है। 6 अक्टूबर को दैनिक भास्कर के अंक में मेंटल हेल्थ से जुड़ा लेख प्रकाशित किया गया था। पाठकों ने बड़ी संख्या में इससे जुड़े सवाल पूछे थे। इनके जवाब दे रहे हैं FIPS के मनोचिकित्सक डॉ. विजय बोधले

सवाल: मन में हमेशा नकारात्मक विचार चलते रहते हैं,कोई भी कार्य उत्साह से शुरू तो कर देता हूँ पर अधूरा रह जाता है?
जवाब: यह समस्या बढ़ने से पहले मनोचिकित्सक से मिलें। काउंसिलिंग मददगार होगी।

सवाल: अगर कोई बच्चा एक ही बात या काम बार-बार दोहराए तो इसका क्या मतलब है?
जवाब: यह ऑब्सेसिव कंपलसिव डिसऑर्डर (OCD) की दिक्कत हो सकती है। तुरंत मनोचिकित्सक की राय लें। बचपन में इलाज होना जरूरी है, वरना भविष्य में यह समस्या और जटिल हो सकती है।

सवाल: कभी-कभी हम एक ही घटना को लेकर कई दिनों तक सोचते रहते हैं, ये जानते हुए कि सोचने का कोई मतलब नहीं है। खुद को कैसे रोकें?
जवाब: आज के बारे में सोचें। खुद को व्यस्त रखें। मेडिटेशन करें। रोज का प्रोग्राम बनाएं और उस पर ध्यान केंद्रित करें।

सवाल: हमेशा भविष्य को लेकर चिंतित रहता हूं। सामाजिक दूरियां भी बढ़ती जा रही हैं और नौकरी की चिंता है। क्या करूं?
जवाब: जो भी नौकरी सबसे पहले मिल जाए उसे ले लें। चाहे तो बाद में इसे बदल दें। रोज के प्रोग्राम पर ध्यान केंद्रित करें। सामाजिक दूरियां अपने आप कम होने लगेंगी। नौकरी लगने के बाद आप फ्रेंड सर्कल बढ़ा सकते हैं।

सवाल: ओवरथिंकिंग, बेकार के विचार और दिमाग को व्यवस्थित करने के लिए क्या करें। कैसे तय करें कि यह ओवरथिंकिंग है या डिप्रेशन?
जवाब: यह गंभीर रूप से परेशान कर रहा है तो तुरंत मनोचिकित्सक की सलाह लें। वही बता सकता है कि यह ओवरथिंकिंग है या डिप्रेशन।

सवाल: डिप्रेशन के बाद नींद की समस्या आ रहा है। क्या करें?
जवाब: फिर से अपने मनोचिकित्सक से मिलकर इस समस्या के बारे में दीर्घकालिक उपाय करना पड़ेगा।​​​​​​​

सवाल: मेरी उम्र 50 साल है। मुझे कुछ भी करने का मन नहीं करता। लगता है शरीर में ऊर्जा नहीं है। खुशी के माहौल में भी मन खुश नहीं होता। विटामिन डी की कमी थी तो उसकी गोलियां खाई। बाकी सारे चेकअप में सब कुछ नॉर्मल है। इसका क्या समाधान है?
जवाब: यह डिप्रेशन की समस्या हो सकती है। तुरंत मनोचिकित्सक की सलाह लें। कुछ दवाइयों और साइकोथेरेपी से जल्दी लाभ मिलेगा।

सवाल: 5-6 साल के पहले की डिप्रेशन के आउटपुट को पूरी तरह कैसे खत्म करें? बिना एक्सपर्ट समाधान हो सकता है क्या?
जवाब: बिना एक्सपर्ट के समाधान नहीं हो सकता। इसमें कई साल इलाज करवाना पड़ता है।

सवाल: ध्यान एकाग्र नहीं रहता, हर समय कुछ न कुछ ख्याल दिमाग में चलता रहता है। पढ़ाई करते समय भी ख्यालों में रहता हूं। इस समस्या का क्या समाधान हो सकता है?
जवाब: एकाग्रचित्त होने के लिए खानपान ठीक रखें। फास्ट वॉकिंग और योग करें। पढ़ाई करने के दौरान नियमित अंतराल पर ब्रेक लें।​​​​​​​

सवाल: पिता के हिंसक व्यवहार और मानसिक शोषण से परेशान हूं। सीने में दर्द होता है। पूरा शरीर और हाथ कांपने लगते हैं। इस हालत से कैसे बाहर निकल सकते हैं?
जवाब: आपको तुरंत मानसिक रोग विशेषज्ञ से सलाह लेने की जरूरत है।​​​​​​​

सवाल: अगर कोई आपको मानसिक रूप से परेशान कर रहा और आप उसकी शिकायत किसी से करते हैं तो कोई समझता नहीं। क्या किया जाए?
जवाब: यह समस्या गंभीर है। तुरंत मानसिक रोग विशेषज्ञ की सलाह लें।