मेक्सिको में एक मालगाड़ी और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रेन में आग लग गई। चौंकाने वाली बात तो ये है कि आग की लपटों में घिरी ट्रेन रुकी नहीं बल्कि पटरी पर दौड़ती रही। पुलिस ने ट्रक के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन कई लोगों के घायल होने की खबर है।
आस-पास के घरों तक फैली आग की लपटें
घटना एग्वास्कालिएंटिस शहर की है। मेयर लियो मोंटेनेजू ने बताया कि आग से आस-पास के घरों को भी नुकसान हुआ है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद तेल से भरा ट्रक पलट जाता है और दोनों गाड़ियों में आग लग जाती है। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आसपास के लोग भागते दिख रहे हैं।
12 लोगों को रेस्क्यू किया गया
एग्वास्कालिएंटिस के दमकल विभाग के प्रमुख मिगुएल मुरिलो ने कहा- रेलवे क्रॉसिंग के पास एक ट्रक कार्गो ट्रेन से टकरा गया। ट्रक में तेल था। आग बहुत तेजी से फैल रही थी। यहां रहने वाले 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इनमें से कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। इसके अलावा घटनास्थल के पास रहने वाले करीब 1500 लोगों को भी सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है।
अमेरिका में चलती ट्रेन में लगी आग, लपटों से घिरे लोगों ने खिड़की से कूदकर जान बचाई
अमेरिका के बोस्टन में चलती ट्रेन में आग लग गई। खबर लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई तो ट्रेन की खिड़कियों से कूदने लगे, वहीं एक व्यक्ति नीचे नदी में कूद गया। घटना के समय ट्रेन में करीब 200 यात्री सवार थे।
फिलीपींस में जहाज में लगी आग, जान बचाने समुद्र में कूदे यात्री
साउथ मनीला के एक पोर्ट की तरफ जाते समय एक जहाज में आग लग गई। खबर लगते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई तो अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में कूद गए। घटना के समय जहाज में 87 यात्री सवार थे। जहाज ओरिएंटल मिंडोरो प्रांत के कालापन शहर से साउथ मनीला पोर्ट जा रहा था।
इंडोनेशिया की मस्जिद में आग, देखते ही देखते ढहा इस्लामिक सेंटर का विशाल डोम
इंडोनेशिया में जकार्ता इस्लामिक सेंटर ग्रैंड मस्जिद के विशाल गुंबद में आग लग गई। इसके बाद गुंबद ढह गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका।