किंग चार्ल्स-III पर फेंके गए अंडे:शख्स बोला- ये देश गुलामों के खून पर बना है; 1986 में क्वीन एलिजाबेथ के साथ भी हुई थी ऐसी घटना

ब्रिटेन के किंग चार्ल्स-III पर यॉर्कशायर में अंडे फेंके गए। पुलिस ने ऐसे करने वाले 23 साल के शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। किंग और क्वीन कंसोर्ट कैमिला एक कार्यक्रम में शामिल होने दो दिवसीय दौरे पर नॉर्थ इंग्लैंड के यॉर्कशायर पहुंचे थे। यहां प्रदर्शन कर रहे एक युवक ने उन पर अंडे फेंक दिए।

एक पुलिस ऑफिसर ने कहा- किंग और क्वीन मिकलेगेट बार (यॉर्कशायर की पारंपरिक रॉयल एंट्रेंस) पर लोगों से बातचीत कर रहे थे। लोग किंग के स्वागत में ‘गॉड सेव द किंग’ गा रहे थे तभी नारेबाजी करते हुए एक शख्स ने उन पर अंडे फेंक दिए। वो चिल्ला रहा था- ये देश गुलामों के खून पर बना है। हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

कई लोगों ने जान गंवाई ताकि चार्ल्स किंग बन सकें : आरोपी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद शख्स ने कहा- मैं गुलामी, कोलोनियलिज्म (उपनिवेशवाद) और इंपिरियलिज्म (साम्राज्यवाद) के पीड़ितों के साथ हूं। न्याय के तौर पर ये अंडे फेंके गए। न्याय उन लोगों के लिए जिन्होंने उस आदमी (किंग चार्ल्स) को किंग बनाने में अपनी जान गवांई है। ये ऐसा न्याय है जिसे लोग देखे सकते हैं।
आरोपी के हाथ-पैर बांधकर ले गई पुलिस
घटनास्थल पर मौजूद एक महिला ने कहा- हम सब किंग और क्वीन का इंतजार कर रहे थे। सभी लोग बहुत एक्साइटेड थे। जैसे ही दोनों मिकलेगेट बार पहुंचे एक शख्स ने उन पर 5 अंडे फेंके। मैंने देखा कि पुलिस एक आदमी के हाथ-पैर बांधकर उसे ले जा रही है। जिस तरफ से अंडे फेंके गए वहां कुछ लोग बैनर लेकर खड़े थे। बैनर पर लिखा था- नॉट माय किंग यानी मेरे राजा नहीं।

कौन है आरोपी?
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, अंडे फेंकने वाले शख्स का नाम पैट्रिक थेलवेल है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसकी प्रोफाइल के मुताबिक, वो लेफ्ट विंग का एक्टिविस्ट है और स्थानीय चुनावों ग्रीन पार्टी का उम्मीदवार रह चुका है। पैट्रिक यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क गार्डनिंग सोसाइटी का प्रेसिडेंट भी रह चुका है। वो एक ब्लॉग पर क्लाइमेट चेंज के बारे में लिखता रहता है।

दिवंगत महारानी एलिजाबेथ की स्टैच्यू का अनावरण
किंग चार्ल्स एक सेरेमनी में शामिल होने यॉर्कशायर पहुंचे थे। इस दौरान दिवंगत महारानी एलिजाबेथ की स्टैच्यू का अनावरण किया गया। ये सेरेमनी पिछली बार 2012 में क्वीन एलिजाबेथ की मौजूदगी में हुई थी।
महारानी एलिजाबेथ पर भी फेंके जा चुके हैं अंडे
ये पहली बार नहीं है जब शाही परिवार के किसी सदस्य पर अंडे फेंके गए हों। 1986 में महारानी एलिजाबेथ पर भी अंडे फेंके गए थे। वो पति प्रिंस फिलिप के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर गई थीं। उस दौरान दोनों एक खुली कार में लोगों के बीच से गुजर रहे थे। तभी दो महिलाओं ने उन पर अंडे फेंक दिए थे। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया था।
2001 में एक लड़की ने किंग चार्ल्स को मारा था थप्पड़
साल 2001 में प्रिंस चार्ल्स लातविया के दौरे पर थे। उस दौरान एक 16 साल की लड़की ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था। हालांकि लड़की के हाथ में फूल था जिससे उसने प्रिंस चार्ल्स को मारा था। इतना ही नहीं लड़की ने ब्रिटेन को दुनिया का दुश्मन तक कह दिया था। पुलिस को लड़की ने बताया था कि उसे अफगानिस्तान में हो रही जंग के विरोध में प्रिंस चार्ल्स को थप्पड़ मारा था।