ऑटो एक्सपो 2023:मारुति ने एथेनॉल से चलने वाली वैगन-R पेश की, सिंगल चार्ज में 550 KM चलेगी फ्यूचर SUV

एशिया का सबसे बड़ा ऑटो एक्सपो दिल्ली में शुरू हो गया है। ‘द मोटर शो’ नाम से इसका 16वां एडिशन आयोजित किया जा रहा है। इवेंट में सबसे पहले मारुति ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV कॉन्सेप्ट EVX पेश की। इसके बाद MG मोटर्स ने दुनिया की पहली MPV यानी ज्यादा लोगों को ले जाने वाली गाड़ी लॉन्च की। मारुति फ्लेक्स फ्यूल वाली वैगन-R भी लेकर आई है, जो 80% तक एथेनॉल मिक्स ईंधन से चलेगी।

ऑटो एक्सपो में कुल 40 ऑटो मेकर शामिल हो रहे हैं। एक-एक करके देखिए, तमाम कार कंपनियां आपके लिए क्या कुछ लाई हैं…

वैगन-R का फ्लेक्स फ्यूल वर्जन, 20 से 80% एथेनॉल पर चल सकेगी
ऑटो एक्सपो में मारुति ने वैगनआर का फ्लेक्स फ्यूल प्रोटोटाइप पेश किया। यह कार E85 फ्यूल पर चल सकती है। इस तरह की गाड़ियां 20% से 85% तक एथेनॉल ब्लेंडिंग पर चलने के लिए विकसित की गई हैं।

इस तरह की गाड़ियां चलाने में बेहद सस्ती होती हैं, क्योंकि एथेनॉल फ्यूल डीजल-पेट्रोल के मुकाबले बेहद कम दाम पर उपलब्ध होता है। इन गाड़ियों की खास बात यह है कि ये डीजल-पेट्रोल की तरह ही बढ़िया परफॉर्मेंस और बेहतर रनिंग कॉस्ट देती हैं।

मारुति लाई पहली इलेक्ट्रिक SUV, एडवांस्ड कनेक्टिविटी फीचर्स मिलेंगे
इवेंट में सबसे पहला अट्रेक्शन मारुति का रहा। मारुति ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV कॉन्सेप्ट EVX पेश की। इमेजिनेक्स्ट विजन के साथ लाई गई इस कार को लेकर कंपनी का दावा है कि यह सिंगल चार्ज में 550 KM चल सकेगी।

EVX मारुति की तरफ से इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में पहली पेशकश है। लिहाजा, कंपनी ने इस इसके प्रेजेंटेशन में मेटावर्स का इस्तेमाल किया। मारुति का दावा है कि सुजुकी की बनाई नई SUV में परफॉर्मेंस के साथ एडवांस्ड कनेक्टिविटी फीचर्स मिलेंगे। कंपनी ने इलेक्ट्रिक SUV प्रोडक्शन के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने का ऐलान भी किया है।

MG ने दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक MPV लॉन्च की, 4 सेकेंड में 0-100 की रफ्तार
इधर, MG मोटर्स ने दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक MPV पेश की। इसे MIFA-9 (मिफा-9) नाम दिया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि 0 से 100 की रफ्तार महज 4 सेकेंड में पकड़ लेगी। मौजूदा ग्लॉस्टर SUV के साथ यह MG के लाइन अप में सबसे बड़ी कार है। कंपनी ने कहा है कि सिंगल चार्ज में यह 500 KM से ज्यादा चलेगी।

इलेक्ट्रिक SUV MG5 लॉन्च, सिंगल चार्ज पर 525 KM की रेंज
दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक EV के साथ MG ने ऑटो एक्सपो में इलेक्ट्रिक SUV MG5 भी लॉन्च की है। इस गाड़ी पर सिंगल चार्ज में 525 KM की रेंज मिलेगी। यह गाड़ी MG की मौजूदा एस्टर SUV पर बेस्ड नजर आ रही है।

हेक्टर फेसलिफ्ट में 11 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट
MG मोटर्स ने ऑटो शो में अपनी प्रीमियम कार हेक्टर का फेसलिफ्ट पेश किया। इस मॉडल में कंपनी ने 11 नए फीचर्स देने का वादा किया है। इसमें 11 इंच का टच स्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। कंपनी ने 5 और 7 सीटर मॉडल के अलग-अलग वैरिएंट की कीमत 15 लाख से लेकर 22 लाख तक तय की है।

नई लॉन्चिंग से पहले दिखाई विंटेज स्पोर्ट्स कार
MG ने नई हेक्टर से पर्दा उठाने से पहले अपनी विंटेज स्पोर्ट्स कार को शो केस किया। हरे रंग की यह विंटेज कार बेहद खूबसूरत दिखाई दे रही थी। इसे पहली बार ऑटो एक्सपो में लाया गया है।

40 से ज्यादा ऑटो मेकर पेश करेंगे नए मॉडल्स
ऑटो एक्सपो में 40 से ज्यादा कार मैन्युफैक्चरर, EV मेकर, टू व्हीलर और कॉमर्शियल व्हीकल प्लेयर नए मॉडल और कॉन्सेप्ट पेश करेंगे। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में दो साल बाद यह इवेंट हो रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सभी मेजर ऑटो मेकर फ्यूचर विजन के साथ अपने नए मॉडल लेकर आएंगे।

ऑटो एक्सपो में दिनभर का शेड्यूल देखिए…

  • सबसे पहले साढ़े 8 बजे सबसे पहले मारुति ने अपनी इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट अनवील की।
  • MG 08 बजकर 55 मिनट पर अपने व्हीकल पेश करेगी
  • हुंडई 11 बजकर 40 मिनट पर अपनी गाड़ियां पेश करेगी
  • किआ मोटर्स 12 बजकर 25 मिनट पर अपनी कार लॉन्च करेगी
  • BYD की गाड़ियां 12 बजकर 50 मिनट पर अनवील होगी
  • टोयोटा-लेक्सस की कार्स 1 बजकर 40 मिनट पर पेश होंगी
  • टाटा मोटर्स शाम 04 बजकर 10 मिनट पर अपनी नई कार दिखाएगी

कई बड़े ऑटो मेकर्स ने इवेंट से बनाई दूरी
इस बार इवेंट में महिंद्रा एंड महिंद्रा, स्कोडा, फॉक्सवैगन और निसान के साथ लक्जरी वाहन कंपनियां मर्सिडीज-बेंज, बीएमडब्ल्यू और ऑडी दिखाई नहीं देंगी। इसके अलावा हीरो मोटोकॉर्प, बजाज ऑटो और टीवीएस मोटर कंपनी जैसे प्रमुख दोपहिया कंपनियों की मौजूदगी एथनॉल पवेलियन में उनके ‘फ्लेक्स फ्यूल’ प्रोटोटाइप वाहनों के प्रदर्शन तक सीमित रहेगी।

आम लोगों के लिए 13 से 18 तक एंट्री
ऑटो एक्सपो मोटर शो ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा। ऑटो एक्सपो 2023 इवेंट वैसे तो 11 जनवरी से शुरू हो जाएगा, लेकिन 11 और 12 जनवरी मीडिया के लिए रिजर्व हैं। आम पब्लिक के लिए 13 से 18 जनवरी तक इसका आयोजन होगा। इसकी टाइमिंग सुबह 11 से रात 8 बजे तक रहेगी।

बुक माय शो से खरीदना होगा टिकट
अगर आप इस इवेंट में शामिल होना चाहते हैं तो इसके लिए टिकट लेना होगा। टिकट की कीमत दिन के हिसाब से अलग-अलग है। 13 जनवरी को इसकी कीमत 750 रुपए रखी गई है। एक टिकट पर सिर्फ एक व्यक्ति को ही एंट्री मिलती है। 5 साल से कम उम्र वाले बच्चों का टिकट नहीं लगता। इस इवेंट के टिकट बुक माय शो पर जाकर खरीदा जा सकता है।