कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस भी अपनी तैयारी में जुट गई है। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी चुनाव को लेकर एक्टिव हो गई हैं। प्रियंका राजधानी बेंगलुरु में आज बड़ी रैली करने जा रही हैं। इसके जरिए कांग्रेस अपना चुनावी बिगुल फूंकेगी।
महिलाओं पर कांग्रेस का फोकस
कांग्रेस का फोकस खासतौर पर महिला वोटर है। दरअसल, कर्नाटक में महिला वोटरों की संख्या करीब 50 फीसदी है। ऐसे में पार्टी महिला वोटरों को लुभाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। इसी सिलसिले में प्रियंका आज पैलेस ग्राउंड्स में ‘ना नायकी’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगी। इसके अलावा वह महिलाओं को लेकर बड़े एलान भी कर सकती हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह राज्य कर्नाटक
प्रियंका गांधी लंबे समय बाद कर्नाटक आ रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक पहुंचने पर पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी इसमें शामिल हुई थीं। हालांकि, प्रियंका इस यात्रा में हिस्सा नहीं ले सकी थीं। अब प्रियंका गांधी कर्नाटक आ रही हैं। बता दें कि कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह राज्य भी है। ऐसे में खरगे की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।
ज्यादा महिलाओं को उम्मीदवार बनाएगी कांग्रेस!
कर्नाटक की महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ पुष्पा अमरनाथ, पूर्व मंत्री उमाश्री और रानी सतीश ने कहा कि वे प्रियंका गांधी से मांग करेंगी कि विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा टिकट महिलाओं को दी जाएं। पुष्पा अमरनाथ ने कहा कि 74 विधानसभा सीटों में से 109 महिलाओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है। हम पार्टी से महिलाओं के लिए कम से कम 30 सीटों की मांग करते हैं।