देश के 3 राज्यों में भारी बर्फबारी:हिमाचल में 3-NH सहित 380 सड़कें बंद, कश्मीर में 30 जनवरी तक स्नोफॉल का अलर्ट

देश के तीन राज्यों में भारी बर्फभारी हो रही है। हिमाचल प्रदेश के 7 जिले शीतलहर की चपेट में हैं। प्रदेश में भारी बर्फबारी के चलते 3-NH सहित 380 सड़कें बंद हो गई हैं। सबसे ज्यादा असर लाहौल स्पीति जिला में पड़ा है। यहां पर 182 सड़कें बंद हैं। शिमला का अधिकतम तापमान 13 डिग्री से गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी बर्फबारी से श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात ठप हो गया। मौसम विभाग ने यहां 30 जनवरी तक स्नोफॉल का अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ, उत्तराखंड के चमोली में बर्फबारी के चलते सड़कें बंद हो गई हैं। उधर, उत्तरकाशी में गंगोत्री मंदिर पूरी तरह बर्फ से ढंक गई है।

आगे क्या: 23 से 26 तक बारिश के आसार
पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते शुक्रवार को बर्फबारी और हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, ये सिलसिला 23 से 26 जनवरी तक चल सकता है। 24-25 जनवरी को पहाड़ों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद ठंड और बढ़ने की संभावना है।