ग्लोबल मार्केट में बिकवाली के चलते भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन, यानी बुधवार (15 फरवरी 23) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 200 अंकों की गिरावट के साथ 60,800 के करीब कारोबार कर रही है। वहीं निफ्टी में करीब 50 अंकों की गिरावट है। यह 17,880 से नीचे काराबोर कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 शेयरों में गिरावट और 8 शेयरों में तेजी है।
सेंसेक्स पर बढ़ने वाले टॉप 5 शेयरों की बात करें तो रिलायंस, टाटा स्टील, मारुति, एम एंड एम और टेक महिंद्रा में तेजी है। वहीं गिरावट वाले शेयरों में आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलिवर, एलटी, सनफार्मा और एचडीएफसी है। NSE पर ऑटो, मीडिया, मेटल और रियल्टी सेक्टर में तेजी है। बैंक, एफएमसीजी, आईटी, फार्मा में गिरावट है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 36 में गिरावट और 14 में तेजी है।
अडाणी ग्रुप के 4 स्टॉक में 5% की गिरावट
अडाणी ग्रुप के 10 स्टाक्स की बात करें तो फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज में आज 2% की तेजी है। अडाणी विल्मर, एनडीटीवी, एसीसी और अंबुजा सीमेंट भी बढ़कर कारोबार कर रहे हैं। ग्रीन एनर्जी, पावर, टोटल गैस और ट्रांसमिशन में 5% की गिरावट है। अडाणी पोर्ट्स का शेयर मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।
मंगलवार को सेंसेक्स 600 अंक चढ़ा था
शेयर बाजार में हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन, यानी मंगलवार (14 फरवरी 23) को तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 600 अंकों की तेजी के साथ 61,032 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में 158 अंकों की तेजी देखने को मिली। यह 17,929 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 शेयरों में तेजी और 11 शेयरों में गिरावट रही।