शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, यानी सोमवार (20 फरवरी 23) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 250 अंक चढ़कर 61,250 के करीब कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 50 अंकों से ज्यादा की तेजी है। यह 18,000 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयरों में तेजी और 7 में गिरावट है।
अडाणी ग्रुप के 10 में से 8 शेयरों में गिरावट
अडाणी विल्मर और पावर के शेयरों में आज तेजी दिख रही है। अडाणी पावर 5% ऊपर है जबकि विल्मर करीब 2% बढ़कर कारोबार कर रहा है। वहीं अडाणी ग्रीन एनर्जी, ट्रांसमिशन और टोटल गैस में करीब 5% की गिरावट है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी एंटरप्राइजेज भी 5% टूटा है। एनडीटीवी, एसीसी और अंबुजा सीमेंट भी गिरकर कारोबार कर रहे हैं।
अमेरिकी बाजारों में मिला जुला ट्रेंड
शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में मिला जुला रुख देखने को मिला। S&P 500 इंडेक्स में 0.28% गिरावट रही और यह 4,079.09 के लेवल पर बंद हुआ। नेस्डेक भी 0.58% गिरकर 11,787.27 के लेवल पर बंद हुआ। जबकि डाउ जोन्स में 0.39% बढ़त रही और यह 33,826.69 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं एशियाई बाजारों में भी मिला जुला रुख है।
83 डॉलर प्रति बैरल पर क्रूड
ब्रेंट क्रूड में गिरावट आई है। इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड 2.5% टूटकर 83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। वहीं अमेरिकी क्रूड (WTI) भी 2.7% गिरकर 76.34 डॉलर प्रति बैरल पर है।
शुक्रवार को 316 अंक गिरा था सेंसेक्स
शेयर बाजार में हफ्ते के पांचवें और आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार (17 फरवरी 23) को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स करीब 316 अंक गिरकर 61,002 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 91 अंक की गिरावट रही। यह 17,944 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 शेयरों में गिरावट और 8 शेयरों में तेजी रही।